देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

उत्तराखंड : मसूरी में बारिश के बीच गिरा पेड़

By Rajat Sharma

Published on:

मसूरी। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मसूरी में रविवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। माल रोड स्थित गढ़वाल टैरेस के पास अचानक एक पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से सड़क किनारे लगी रेलिंग टूट गई, जबकि होटल सूर्य किरण की छत और वहां खड़ी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात रही कि हादसे में किसी पर्यटक या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

होटल स्वामी अजय भार्गव के अनुसार, पेड़ रात करीब ढाई बजे अचानक जड़ से उखड़कर सड़क पर गिरा। तेज आवाज के साथ पेड़ गिरने से आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पेड़ का एक हिस्सा माल रोड पर गिरा, जबकि दूसरा हिस्सा होटल की छत पर अटक गया।

बताया गया कि लगातार बारिश के कारण पेड़ कमजोर हो गया था और अंदर से खोखला होने के चलते वह अचानक गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे पेड़ के हिस्से को हटाया। इसके बाद माल रोड पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। हालांकि पेड़ का एक बड़ा हिस्सा अभी भी होटल की छत पर लटका हुआ है, जिसे हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बारिश के मौसम को देखते हुए शहर में कमजोर और सूखे पेड़ों का तत्काल सर्वे कर उन्हें समय रहते हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के बीच कमजोर पेड़ों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से संभावित खतरे वाले पेड़ों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Advertisement

Leave a Comment