देवभूमि में चुनावी शंखनाद? 14 अप्रैल को पीएम मोदी की भव्य रैली, बीजेपी ने झोंकी ताकत
देहरादून (ब्यूरो)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून 14 अप्रैल को एक ऐतिहासिक पल की गवाह बनने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन न केवल देवभूमि की जनता को संबोधित करेंगे, बल्कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का विधिवत उद्घाटन कर करोड़ों लोगों का सफर सुगम बना देंगे। इस दौरे को भव्य बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
गुरुवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक उच्च स्तरीय सांगठनिक बैठक बुलाई गई। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट का स्वागत करते हुए स्पष्ट किया कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री का आगमन एक उत्सव की तरह मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री इस दौरान एक मेगा रोड शो करेंगे, जिसके लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग मोर्चों पर तैनात किया गया है।
महेंद्र भट्ट ने बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड प्रधानमंत्री मोदी के दिल के करीब है। उन्होंने बताया कि यह केवल एक राजनीतिक दौरा नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री की तरफ से उत्तराखंड को दिया गया अब तक का सबसे बड़ा बुनियादी ढांचा उपहार है। दिल्ली-देहरादून हाईवे का उद्घाटन होने से न केवल पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार मिलेगी।
यह एक्सप्रेसवे करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। इसकी सबसे बड़ी खासियत 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर है, जो एशिया में अपनी तरह का सबसे लंबा हिस्सा है। यह राजाजी नेशनल पार्क के ऊपर से गुजरता है, जिससे नीचे जंगल में हाथियों और गुलदारों जैसे वन्यजीवों की आवाजाही में कोई बाधा नहीं आएगी। इस हाईवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून का सफर जो पहले 6 घंटे लेता था, वह सिमटकर महज 2.5 घंटे रह जाएगा।
कार्यक्रम के स्वरूप पर चर्चा करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि प्रधानमंत्री का स्वागत पारंपरिक उत्तराखंडी संस्कृति और वेशभूषा के साथ किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि रोड शो के दौरान राज्य की लोक कला और संगीत की झलक प्रधानमंत्री को दिखाई दे।
बैठक में संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री खजानदास, मेयर सौरभ थपलियाल और विधायक उमेश शर्मा समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। इन सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में जनता को इस जनसभा से जोड़ें। विनोद चमोली और सविता कपूर ने भी प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जनता में उत्साह होने की बात कही। इस दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं।
प्रधानमंत्री के विमान के गणेशपुर में लैंड करने की संभावना है, जहां से वे सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचेंगे। इस दौरान वे महिंद्रा ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। बैठक में प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, विजेंद्र थपलियाल और राजेंद्र ढिल्लों सहित महानगर के सभी पार्षद और मंडल अध्यक्षों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।







