देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

मिस उत्तराखंड 2026: लैंसडाउन की अंजली असवाल के सिर सजा ताज, देखें उपविजेताओं की पूरी सूची

By Rajat Sharma

Published on:

लैंसडाउन की बेटी ने बढ़ाया मान, अंजली असवाल चुनी गईं कमल ज्वेलर्स मिस उत्तराखंड 2026

  • मिस उत्तराखंड 2026 का भव्य समापन, युवाओं को मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री में मिल रहा बड़ा प्लेटफॉर्म

देहरादून। सेंट्रियो मॉल स्थित स्काईडेक पर शुक्रवार की शाम फैशन, ग्लैम और आत्मविश्वास के शानदार संगम की गवाह बनी। सिनमिट कम्युनिकेशंस द्वारा आयोजित और कमल ज्वेलर्स द्वारा प्रस्तुत ‘मिस उत्तराखंड 2026’ (Miss Uttarakhand 2026) के भव्य ग्रैंड फिनाले में पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन की रहने वाली अंजली असवाल ने बाजी मारते हुए मुख्य खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के तीनों कठिन राउंड्स में अपने बेहतरीन कैटवॉक, ग्रूमिंग और जूरी मेंबर्स के सवालों के सटीक जवाबों के दम पर अंजली ने जजों का दिल जीत लिया। वहीं प्रतियोगिता में हरिद्वार की नंदिनी कौशिक फर्स्ट रनरअप, हरिद्वार की ही श्वेता शर्मा सेकेंड रनरअप, न्यू टिहरी की परख जैन थर्ड रनरअप और पिथौरागढ़ की प्रीति घोटा फोर्थ रनरअप चुनी गईं।

ग्रैंड फिनाले के दौरान राज्यभर से चुनी गई फाइनलिस्ट्स के बीच तीन अलग-अलग राउंड में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सबसे पहले आयोजित इंट्रोडक्शन राउंड में सभी प्रतिभागियों ने पारंपरिक भारतीय और उत्तराखंडी एथनिक परिधानों में रैंप वॉक करते हुए अपना परिचय दिया। इसके बाद वेस्टर्न आउटफिट राउंड में मॉडल्स ने अपने स्टाइलिश अंदाज और आत्मविश्वास का परिचय कराया। अंतिम और सबसे अहम इवनिंग गाउन राउंड रहा, जिसमें रैंप वॉक के साथ जजेस ने प्रतिभागियों से उनकी सोच, समझ और व्यक्तित्व को परखने वाले सवाल पूछे। प्रतियोगिता की जूरी में बॉलीवुड एवं टीवी एक्ट्रेस प्रियंका कंडवाल, मिस उत्तराखंड 2017 शिवांगी शर्मा, एक्ट्रेस व मीडिया पर्सन इंद्राणी पांधी, शिक्षाविद एनी सिंह और एक्टर-एजुकेशनिस्ट कुनाल मल शामिल रहे।

Oplus_16908288

विजेताओं की घोषणा के बाद आयोजित क्राउन सेरेमनी में पूर्व विजेताओं ने मंच पर पहुंचकर नई क्वींस का स्वागत किया। मिस उत्तराखंड 2025 की विनर स्मृति रावत, फर्स्ट रनर-अप वैष्णवी लोहानी और थर्ड रनर-अप अंबिका रावत ने अंजली असवाल और उपविजेताओं को ताज पहनाया। मुख्य खिताबों के अलावा कई उप-खिताब (सब-टाइटल्स) भी दिए गए, जिनमें परख जैन को मिस पर्सनैलिटी, कोमल व श्वेता शर्मा को मिस फोटोजेनिक, मानसी नेगी को मिस कैटवॉक, अंजली व नंदिनी को मिस टैलेंटेड, मीनाक्षी रावत को मिस कॉन्जेनियलिटी, मन्नत को मिस ब्यूटीफुल आइज, नेहा को मिस ब्यूटीफुल स्माइल, स्नेहा व अंजली को मिस ब्यूटीफुल हेयर, प्रेरणा को मिस बॉडी ब्यूटीफुल, अन्वेशा रावत को मिस रेडिएंट स्किन, श्वेता शर्मा को मिस टेन, अंजली व प्रीति को मिस फ्रेश फेस, विशाखा रावत को मिस डांसिंग क्वीन, राम्या व वंशिका खन्ना को मिस बॉलीवुड, दिया पंवार व लिपिका गुप्ता को मिस मीडिया चॉइस, तानिष्का चौहान को मिस टूरिज्म व मिस फैशन दिवा, अनन्या शर्मा को मिस अमेजिंग लेग्स, शेरी रंजन को मिस ट्रेडिशनल और करिश्मा फर्स्वाण को मिस सोशल मीडिया चुना गया।

कार्यक्रम के समापन पर सिनमिट कम्युनिकेशंस के डायरेक्टर दलीप सिंधी और राजीव मित्तल ने बताया कि हर साल यह आयोजन प्रदेश की युवा बेटियों को मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री (Fashion and Entertainment Industry) में अपनी पहचान बनाने के लिए एक बड़ा और राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान कर रहा है। इस भव्य आयोजन में सेंट्रियो मॉल, आभा हाइट्स और एवर्मोंट रियल्टी का विशेष सहयोग रहा, जबकि शो कोऑर्डिनेशन और कोरियोग्राफी में हिमानी रावत, अनन्या भंडारी, प्रियादिति सिंधी, आकांक्षा गुप्ता, पुष्कर सोनी और राहुल छाबड़ा ने मुख्य भूमिका निभाई।

Leave a Comment