देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

ढोल-नगाड़ों के साथ दून पुलिस का एक्शन: दो नामी अपराधी जिला बदर, हिमाचल बॉर्डर पर छोड़ा

By Rajat Sharma

Published on:

दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई : आदतन अपराधियों के लिए नो-एंट्री, SSP के निर्देश पर तड़ीपार

विकासनगर। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले दो शातिर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। विकासनगर क्षेत्र के आदतन अपराधी राहुल कश्यप और आसिफ को पुलिस ने बाकायदा ढोल-नगाड़ों की थाप और लाउडस्पीकर से मुनादी के बीच जनपद की सीमा से बाहर खदेड़ दिया है।

एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के सख्त तेवरों के बाद विकासनगर पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब बॉर्डर पर ले जाकर छोड़ा। जिलाधिकारी देहरादून ने इन दोनों अपराधियों की कुंडली खंगालने के बाद इन्हें 6 महीने के लिए जिला बदर (तड़ीपार) करने के आदेश जारी किए थे, जिस पर आज अमल किया गया।

विकासनगर के जीवनगढ़ स्थित कश्यप मोहल्ला निवासी राहुल कश्यप पुत्र गोपाल कश्यप पर पुलिस का शिकंजा लंबे समय से था। राहुल के खिलाफ लूट, चोरी, नकबजनी और अवैध हथियार (आर्म्स एक्ट) के करीब सात गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, साल 2023 से लेकर 2025 तक राहुल लगातार संगीन वारदातों में शामिल रहा है।

वहीं, दूसरा अपराधी आसिफ पुत्र राशिद, जो विकासनगर की मुस्लिम बस्ती का रहने वाला है, पुलिस के लिए बड़ा सिरदर्द बना हुआ था। आसिफ के खिलाफ मुकदमों की फेहरिस्त काफी लंबी है। उस पर चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि इन दोनों की मौजूदगी से इलाके की शांति भंग हो रही थी।

पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले 6 महीनों के भीतर इनमें से किसी ने भी देहरादून जनपद की सीमा में कदम रखा, तो उनके खिलाफ गुंडा एक्ट के प्रावधानों के तहत नई और सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बाकायदा मोहल्लों में ढोल बजवाकर जनता को बताया कि अब ये अपराधी उनके बीच नहीं रहेंगे।

उत्तराखंड में ‘गुंडा एक्ट’ (धारा 3(1)) के तहत की गई यह कार्रवाई अपराधियों के बीच खौफ पैदा करने के लिए की गई है। हिमाचल बॉर्डर पर छोड़ते वक्त पुलिस ने दोनों की शिनाख्त की और वहां की स्थानीय पुलिस को भी इनके मूवमेंट को लेकर अलर्ट रहने का संकेत दिया है।

विकासनगर कोतवाली पुलिस ने इन दोनों का डोजियर जिलाधिकारी को भेजा था। रिपोर्ट में साफ कहा गया था कि इन अपराधियों की छवि जनता के बीच बेहद खराब है और इनका बाहर रहना सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा है। अब जिला बदर की इस अवधि के दौरान इन पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि ये छिपकर वापस न लौट सकें।

Leave a Comment