देहरादून (ब्यूरो)। नगर के आधा दर्जन ब्राह्मण घटक संगठनों के संयुक्त मंच “उत्तराखंड ब्राह्मण समाज महासंघ, (पंजी.)” आगामी 19 अप्रैल, अक्षया तृतीया को प्रातः 9-00 बजे दिन रविवार को लाडपुर, रायपुर स्थित श्री मां काली मंदिर, निकट रायपुर थाना, देहरादून में भगवान श्री परशुराम प्रकटोत्सव मनाएगा।
इस अवसर पर यज्ञ हवन, प्रसाद वितरण, परशुराम जी के संबंध में विद्वान ब्राह्मणों द्वारा उद्बोधन किया जाएगा। उक्त निर्णय आज महासंघ की 6, सहारनपुर रोड पर हुई एक बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पंडित रामप्रसाद गौतम जी ने कहा कि भगवान श्री हरि विष्णु जी के छठे अंशावतार भगवान श्री परशुराम जी के ब्राह्मणों के अतिरिक्त वर्गों में भारी संख्या में अनुयायि है।
कई राज्यों में उनकी जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित है। हरियाणा में उनकी जयंती सरकारी स्तर पर मनाई जाती है। उ.प्र. व उत्तराखंड में ब्राह्मणों की अत्यधिक संख्या होने के बावजूद एवं ब्राह्मण संगठनों की बार मांग किए जाने पर भी राज्य सरकार व उनके नुमाइंदे सार्वजनिक अवकाश किए जाने पर भी उदासीन बने हुए हैं।इससे ब्राह्मण समाज में आक्रोश व्याप्त है।
महासंघ के मुख्य संरक्षक पंडित एस पी पाठक ने ब्राह्मण एकता पर बल देते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति के चलते देश के सभी राजनीतिक दल व सरकारें सामान्य वर्ग विशेषकर ब्राह्मण वर्ग के हितों को दर किनार कर रही हैं। आए दिन ब्राह्मणों के विरुद्ध वातावरण तैयार किया जा रहा हैं।
बैठक का संचालन महासचिव डॉ वी डी शर्मा ने किया। बैठक में उक्त के अलावा थानेश्वर उपाध्याय, सोमदत्त शर्मा, सूर्य प्रकाश भट्ट, शशि शर्मा आदि मुख्यरूप से उपस्थित थे।






