देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

देहरादून : रात 10 बजे के बाद बेवजह घूमना पड़ेगा भारी, दून पुलिस ने 53 संदिग्धों को हिरासत में लिया

By Rajat Sharma

Published on:

देहरादून में एसएसपी के कड़े तेवर, रात में सड़कों पर निकले 500 से अधिक लोगों की ली तलाशी, ऑपेरशन नाईट स्ट्राइक से थर्राया दून, नशेड़ियों और हुड़दंगियों पर पुलिस की गाज

देहरादून। राजधानी की सड़कों पर वीकेंड की आड़ में हुड़दंग मचाने वालों और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए दून पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के कड़े निर्देशों पर 22 और 23 अगस्त की दरमियानी रात पूरे जिले में व्यापक स्तर पर ‘ऑपेरशन नाईट स्ट्राइक’ चलाया गया।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार के कुशल नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने नगर और देहात दोनों क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी और चेकिंग शुरू की, जिससे देर रात आवारागर्दी करने वालों में अफरा-तफरी मच गई।

हाल के दिनों में शहर के निजी संस्थानों और हॉस्टलों के आसपास हुई आपराधिक घटनाओं तथा गोलीबारी के मामलों के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिख रहा है।

इस विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सड़कों, चौराहों और संदिग्ध ठिकानों पर रात में बेवजह घूम रहे 500 से अधिक व्यक्तियों को रोककर मौके पर ही कड़ी पूछताछ की। इस दौरान संतोषजनक जवाब न दे पाने और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर 53 व्यक्तियों को सीधे हिरासत में लेकर पुलिस थानों में लाया गया।

थानों में लाए गए सभी संदिग्धों का आपराधिक बैकग्राउंड खंगाला गया और उनके सत्यापन की गहन प्रक्रिया पूरी की गई। नियमों का उल्लंघन करने और शांति व्यवस्था को प्रभावित करने पर पुलिस ने 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किए।

इसके साथ ही, वीकेंड पर शराब के नशे में वाहन चलाने वाले रईसजादों और हुड़दंगियों के खिलाफ भी पुलिस ने आक्रामक रुख अपनाया।

चेकिंग के दौरान नशे की हालत में गाड़ी चलाते पकड़े गए 15 वाहन चालकों को पुलिस ने ऑन द स्पॉट गिरफ्तार कर लिया और उनके वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया। क्लेमेंटटाउन समेत विभिन्न इलाकों में प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर और काली फिल्म लगाकर फर्राटा भरने वाले वाहन भी पुलिस के निशाने पर रहे।

यातायात नियमों को ताक पर रखने वाले मनचले चालकों पर नकेल कसते हुए पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत 36 वाहनों के चालान काटे और मौके पर ही ₹32,500 का नगद जुर्माना वसूला। यही नहीं, गंभीर उल्लंघन के 46 मामलों को माननीय न्यायालय के समक्ष भेजने के लिए चालानी कार्रवाई की गई और 23 अन्य वाहनों को भी सीज कर दिया गया।

एसएसपी देहरादून ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि शहर की शांति भंग करने और देर रात आपराधिक गतिविधियों की फिराक में घूमने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Advertisement

Leave a Comment