देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

देहरादून : पटेल नगर बाजार की कमान फिर मनमोहन शर्मा के हाथ, पांचवीं बार बने निर्विरोध अध्यक्ष

By Rajat Sharma

Published on:

व्यापारियों की हुंकार : पटेल नगर में न शौचालय है न सुरक्षा, नई कार्यकारिणी के सामने बड़ी चुनौतियां

देहरादून (रजत शर्मा)। राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में शुमार पटेलनगर बाजार के व्यापारियों ने एक बार फिर मनमोहन शर्मा पर भरोसा जताया है। गुरुद्वारा पटेल नगर हॉल में आयोजित एक अहम बैठक के दौरान उन्हें सर्वसम्मति से पांचवीं बार ‘दुकानदार एवं व्यापार समिति’ का अध्यक्ष चुना गया।

सुबह 11:30 बजे शुरू हुई इस बैठक में इलाके के सैकड़ों दुकानदार जुटे। मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता और मोहित भाटिया के संचालन में चली इस सभा में चुनावी औपचारिकता से ज्यादा बाजार की बदहाली पर चर्चा हुई। व्यापारियों ने दो टूक कहा कि बाजार में बुनियादी सुविधाओं का अकाल है।

व्यापारियों ने सबसे बड़ा मुद्दा सार्वजनिक शौचालयों का उठाया। दुकानदारों का कहना है कि इतने बड़े बाजार में एक भी ढंग का शौचालय नहीं है, जिससे महिला ग्राहकों और व्यापारियों को भारी दिक्कत होती है। सुरक्षा को लेकर भी बैठक में तीखी बहस हुई। आए दिन होने वाली छोटी-मोटी चोरियों से तंग व्यापारियों ने पूरे बाजार में सीसीटीवी कैमरों के जाल और मुख्य चौराहे पर ट्रैफिक रेड लाइट की मांग मजबूती से रखी है।

सफाई व्यवस्था पर भी दुकानदारों का गुस्सा फूटा। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सड़क के दोनों तरफ बने बड़े नाले कूड़े से पटे पड़े हैं, जिनकी महीनों से सुध नहीं ली गई। उन्होंने साफ कहा कि अगर नगर निगम और प्रशासन ने सफाई पर ध्यान नहीं दिया तो व्यापार मंडल आंदोलन को मजबूर होगा। हालांकि, पिछले कार्यकाल में किए गए कामों के लिए सभी ने मनमोहन शर्मा की पीठ भी थपथपाई।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद मनमोहन शर्मा ने अपनी नई टीम (कार्यकारिणी) का भी ऐलान कर दिया। इस नई टीम में प्रेम बत्ता को मुख्य संरक्षक और सुदेश वर्मा, रामसिंह, अजय कथूरिया, करतार सिंह, पुरुषोत्तम शाही गुलाटी स्वीट्स व जगदीश टुटेजा को संरक्षक बनाया गया है। महासचिव की जिम्मेदारी मोहित भाटिया को मिली है, जबकि रमनीत सिंह गुलाटी सचिव चुने गए हैं।

संगठन को मजबूती देने के लिए राकेश आर्य और मीनाक्षी चौधरी को उपाध्यक्ष, जगजीत सिंह रमन को कोषाध्यक्ष और डॉ. बलजीत सिंह को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रचार-प्रसार का जिम्मा कवलजीत और अर्चना आनंद संभालेंगे, वहीं अनिल आनंद और मनीष भाटिया संगठन मंत्री बनाए गए हैं। सूचना मंत्री के रूप में राजीव जायसवाल और पंकज कश्यप काम करेंगे।

बैठक में स्थानीय प्रतिष्ठित दुकानदारों की भी मौजूदगी रही, जिनमें पत्रकार डॉ. वी.डी. शर्मा, राज कुमार छाबड़ा और हरीश आनंद शामिल थे। इनके अलावा कमल अरोड़ा, संजय सभरवाल, सुरेंद्र ध्यानी, गुरविंदर सिंह और प्रदीप डोसे वाले सहित दर्जनों व्यापारियों ने नई कार्यकारिणी को समर्थन दिया।

सुदेश वर्मा और मीनाक्षी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि मनमोहन शर्मा के नेतृत्व में व्यापारी सुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने भरोसा दिया कि शासन-प्रशासन के स्तर पर जो भी फाइलें रुकी हैं, उन्हें अब एकता के दम पर पास कराया जाएगा। बैठक के आखिर में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और सभी ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत का जश्न मनाया।

Leave a Comment