देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

CRIME NEWS : किरायेदार से पहचान पत्र मांगना मकान मालिक को पड़ा भारी, पिता-पुत्र पर हमला करने का आरोप

By Rajat Sharma

Published on:

सिर और माथे पर स्टील पाइप से वार, अस्पताल में लगे 11 टांके; पुलिस कार्रवाई न होने पर कोर्ट पहुंचा पीड़ित

देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के राजेश्वर नगर फेज-पांच में किरायेदार से पहचान संबंधी दस्तावेज मांगना मकान मालिक को भारी पड़ गया। पुलिस सत्यापन के लिए आधार कार्ड और स्थायी पते के दस्तावेज मांगने पर किरायेदार और उसके पिता पर मकान मालिक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है।

हमले में घायल मकान मालिक के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में उसके 11 टांके लगाए गए। मामले में लंबे समय तक पुलिस कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद राजपुर थाना पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, अभिनव कुकरेती की शिकायत पर तत्कालीन किरायेदार हिमांशु ठाकुर और उसके पिता दिनेश ठाकुर, मूल निवासी अफजलगढ़, बिजनौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों बीते एक जनवरी से अभिनव के मकान में किराये पर रह रहे थे। किरायेदारों के पुलिस सत्यापन के लिए मकान मालिक ने उनसे आधार कार्ड समेत गांव के स्थायी पते से संबंधित दस्तावेज मांगे थे। आरोप है कि किरायेदार लगातार दस्तावेज उपलब्ध कराने में टालमटोल करते रहे।

शिकायत के मुताबिक, 20 अप्रैल की रात आरोपियों ने अभिनव को अपने कमरे में बुलाया और खाना खिलाया। इसी दौरान अभिनव ने एक बार फिर उनसे पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा। आरोप है कि दस्तावेज मांगने की बात पर पिता-पुत्र भड़क गए और स्टील के पाइप से अभिनव के सिर और माथे पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए और कुछ समय बाद बेहोश हो गए।

परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान सिर और माथे पर 11 टांके लगाए गए। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। अभिनव के अनुसार, उसने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन कई महीनों तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

कोर्ट के आदेश के बाद राजपुर थाना पुलिस ने अब दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ राजपुर पीडी भट्ट के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों, मारपीट के आरोपों और अन्य तथ्यों की जांच के साथ संबंधित साक्ष्य जुटा रही है।

Advertisement

Leave a Comment