देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

त्यूणी में बड़ा सड़क हादसा : 200 मीटर गहरी खाई में गिरा ट्रक, चालक की मौके पर मौत

By Rajat Sharma

Published on:

चकराता-त्यूणी मार्ग पर दर्दनाक हादसा, ट्रक के परखच्चे उड़े, उत्तरकाशी के युवक ने गंवाई जान

त्यूणी। उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्र त्यूणी में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। ग्राम चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस और SDRF की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद खाई से शव बरामद किया है।

हादसा त्यूणी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अटल से आगे फेडीज के पास हुआ। यहाँ एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। ट्रक के गिरते ही जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके की ओर दौड़े।

सुबह तड़के ग्राम चौकीदार ने पुलिस को इस अनहोनी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष त्यूणी पुलिस बल और राहत-बचाव उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए SDRF टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

खाई में गिरे ट्रक (वाहन संख्या UK07 CD-5049) की स्थिति बेहद खराब थी। रेस्क्यू टीम जब नीचे पहुंची, तो वाहन के केबिन के भीतर एक व्यक्ति मृत अवस्था में फंसा मिला। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

पुलिस ने तत्काल वाहन स्वामी से संपर्क कर ट्रक में सवार लोगों की जानकारी जुटाई। वाहन स्वामी ने स्पष्ट किया कि चालक विकासनगर से मोरी के लिए फाइबर ईंट लेकर रवाना हुआ था। ट्रक में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था।

मृतक की पहचान 31 वर्षीय विपिन कुमार के रूप में हुई है। विपिन उत्तरकाशी जिले के मोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भद्रासु (खरसाड़ी) का निवासी था और उसके पिता का नाम सोविंदर लाल है। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही शुरू कर दी है। फिलहाल शव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी लाया गया है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है।

त्यूणी-मोड़ी मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा वाहन में तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक को नींद की झपकी आने की वजह से ट्रक अनियंत्रित हुआ।

Leave a Comment