वीवीआईपी दौरे से पहले अभेद्य किला बना दून, पुलिस ने रूट पर तैनात किया भारी बल, सड़कों पर पहरा, आसमान में पाबंदी; देहरादून में वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर हाई-अलर्ट
देहरादून (ब्यूरो)। राजधानी में 23 अप्रैल को होने वाले हाई-प्रोफाइल वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा का घेरा बेहद सख्त कर दिया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गढवाल परिक्षेत्र और एसएसपी ने मंगलवार को पुलिस लाइन में हजारों की संख्या में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया। साफ कर दिया गया है कि सुरक्षा में किसी भी स्तर पर हुई चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर तत्काल गाज गिरेगी।
पुलिस लाइन में आयोजित इस अहम बैठक में आईजी राजीव स्वरूप और एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने सुरक्षा प्लान की बारीकियों को समझाया। ड्यूटी पर तैनात हर जवान को निर्धारित समय से कम से कम 3 घंटे पहले अपने पॉइंट पर पहुंचना अनिवार्य होगा। जवानों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें और बिना अनुमति अपना पॉइंट न छोड़ें।
सुरक्षा के लिहाज से सबसे बड़ा फैसला ड्रोन को लेकर लिया गया है। कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी रूट के आसपास के पूरे इलाके को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित कर दिया गया है। किसी भी निजी ड्रोन के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

साथ ही, रूट पर पड़ने वाली सभी हाई-राइज बिल्डिंग्स, पानी की टंकियों और फ्लाईओवरों की बीडीएस (BDS) और डॉग स्क्वॉड से सघन चेकिंग कराई जा रही है। इन इमारतों में रहने वाले एक-एक व्यक्ति का शत-प्रतिशत सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि हालिया सुरक्षा परिदृश्यों को देखते हुए पुलिस प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। यही वजह है कि 14 अप्रैल को हुए पिछले दौरे के दौरान भी करीब 3000 पुलिसकर्मियों और 550 महिला पुलिस अधिकारियों को मैदान में उतारा गया था। इस बार भी सुरक्षा का स्तर उसी स्तर का रखा गया है, जिसमें कंट्रोल रूम से लेकर ग्राउंड जीरो तक हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
कार्यक्रम स्थल पर एंट्री के लिए नियम बेहद कड़े होंगे। केवल उन्हीं लोगों को अंदर जाने दिया जाएगा जिनके नाम पहले से नामित हैं और जिनका एंटी-सबोटाज चेक पूरा हो चुका है। प्रवेश द्वारों पर डीएफएमडी और एचएचएमडी मशीनों के जरिए हर शख्स की तलाशी ली जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बैरिकेडिंग के ऊपर खड़े होने या भीड़ के अति उत्साह में वीवीआईपी की ओर बढ़ने जैसी स्थितियों से निपटने के लिए लाउड हेलरों का इस्तेमाल किया जाएगा।
सिर्फ कार्यक्रम स्थल ही नहीं, बल्कि पूरे शहर में सघन चेकिंग अभियान छेड़ दिया गया है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों के होटलों, धर्मशालाओं, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर बाहरी व्यक्तियों की कुंडली खंगालें। पार्किंग के लिए भी अलग से इंतजाम किए गए हैं ताकि मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति न बने और वीवीआईपी का काफिला बिना किसी बाधा के निकल सके।






