देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

सावधान! बिना वेरिफिकेशन किराएदार या स्टाफ रखा तो खैर नहीं, देहरादून पुलिस ने शुरू किया बड़ा एक्शन

By Rajat Sharma

Published on:

विकासनगर के स्पा सेंटर पर आधी रात पड़ा छापा, 5 महिलाएं मिलीं संदिग्ध, मकान मालिक भी फंसे

विकासनगर (ब्यूरो)। राजधानी देहरादून में बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ अब और भी आक्रामक हो गया है। शनिवार को विकासनगर बाजार क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कोतवाली पुलिस की टीम ने अचानक ‘हॉलीवुड स्पा सेंटर’ पर धावा बोल दिया। पुलिस की इस दबिश के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के सख्त निर्देशों के बाद शुरू हुई इस जांच में चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है। स्पा सेंटर के भीतर काम कर रही 5 महिलाएं ऐसी मिलीं, जिनका पुलिस वेरिफिकेशन तक नहीं कराया गया था। सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर बिना किसी आधिकारिक रिकॉर्ड के महिलाओं को काम पर रखने को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है।

दबिश के दौरान जब संचालक से स्टाफ के कागजात मांगे गए, तो वह बगले झांकने लगा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बिना सत्यापन के काम कर रही पांचों महिलाओं के विरुद्ध 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की। यहीं नहीं, नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली स्पा सेंटर संचालिका पर भी कानून का डंडा चला है। पुलिस ने धारा 83 पुलिस अधिनियम के तहत संचालिका का भारी-भरकम चालान काटा और मौके पर ही स्पा सेंटर को बंद करा दिया।

इस पूरे मामले में पुलिस का कड़ा रुख केवल स्पा सेंटर तक ही सीमित नहीं रहा। जांच की आंच उस भवन स्वामी तक भी पहुंची, जिसने बिना पुलिस सत्यापन के इन महिलाओं को अपने मकान में किराए पर रखा था। पुलिस ने मकान मालिक को भी सुरक्षा नियमों की अनदेखी का दोषी पाते हुए 83 पुलिस एक्ट में चालान थमाया है।

बता दें कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ की शुरुआत हाल ही में देहरादून में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और मसूरी रोड पर एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की हत्या जैसे संवेदनशील मामलों के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और डीजीपी के निर्देशों पर हुई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य में रह रहे बाहरी लोगों का 100% सत्यापन सुनिश्चित करना है।

एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने दो टूक चेतावनी दी है कि जनपद के किसी भी हिस्से में स्थित होटल, ढाबा, स्पा सेंटर या अपार्टमेंट में यदि कोई भी व्यक्ति बिना सत्यापन के पाया गया, तो संबंधित मालिक को बख्शा नहीं जाएगा। विकासनगर में हुई यह कार्रवाई इसी मुहिम का हिस्सा है, जो आने वाले दिनों में और तेज होने वाली है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य स्पा संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Comment