देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

उत्तराखंड का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल शर्मसार, ओपीडी के लेडीज टॉयलेट में घुसा मनचला

By Rajat Sharma

Published on:

देहरादून दून अस्पताल के महिला शौचालय में छिपा था युवक, वीडियो बनाने के आरोप के बाद मचा हड़कंप

देहरादून (ब्यूरो) : उत्तराखंड के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थान दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल से महिला सुरक्षा को तार-तार कर देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ओपीडी भवन के भूतल पर स्थित महिला शौचालय में एक युवक छिपकर महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। इस शर्मनाक हरकत के उजागर होते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और इलाज कराने आईं महिला मरीजों सहित अस्पताल की लेडीज स्टाफ और डॉक्टरों में गहरा खौफ फैल गया है।

यह पूरी घटना 17 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे की है। अल्ट्रासाउंड कराने आई एक महिला मरीज जब ओपीडी ग्राउंड फ्लोर के लेडीज टॉयलेट में गई, तो उसकी नजर ऊपर मोटे फायर सेफ्टी पाइप पर पड़ी। वहां एक अज्ञात युवक संदिग्ध हालत में छिपा बैठा था। महिला ने बिना वक्त गंवाए तुरंत शोर मचा दिया और बाहर भागकर अन्य लोगों को आपबीती बताई। शौचालय के भीतर मौजूद दो अन्य महिलाओं ने भी आरोप लगाया कि वह युवक मोबाइल फोन से उनकी आपत्तिजनक स्थिति की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था।

दून मेडिकल कॉलेज में महिला सुरक्षा तार-तार, महिला शौचालय में वीडियो बनाने के लिए छिपा था युवक

चीख-पुकार मचते ही आरोपी युवक शौचालय से कूदा और वहां मौजूद लोगों को धक्का देकर पीछे के रास्ते से रफूचक्कर हो गया। अस्पताल के सुरक्षा गार्ड्स सूचना मिलने के बाद भी मौके पर देरी से पहुंचे, जिसके कारण आरोपी को दबोचा नहीं जा सका। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी दर्शनलाल चौक की तरफ तेजी से भागा, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की सुस्ती के चलते वह बच निकलने में कामयाब रहा।

हैरानी की बात यह है कि घटना के ढाई घंटे बाद दोपहर करीब 2 बजे जब चीता पुलिस मौके पर तफ्तीश करने पहुंची, तो अस्पताल का सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष बंद मिला। जांच में सामने आया कि अस्पताल प्रशासन सुरक्षा को लेकर इस कदर लापरवाह है कि कर्मचारी सीसीटीवी का पासवर्ड तक भूल चुके हैं। इतना ही नहीं, अस्पताल के पिछले हिस्से में कई संवेदनशील जगहें ऐसी हैं, जहां सीसीटीवी कैमरों का कोई कवरेज ही नहीं है।

इस पूरे मामले में एक पीड़ित महिला मरीज के पति ने कोतवाली में लिखित तहरीर दे दी है। कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने और तकनीकी टीम की मदद से पासवर्ड रीसेट कराकर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

दून अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर यह कोई पहला दाग नहीं है। पिछले कुछ महीनों में यहां महिला सुरक्षा से खिलवाड़ के कई गंभीर मामले दर्ज हो चुके हैं। बीते मई महीने में अस्पताल के ही एक काउंसलर पर इलाज के लिए आई महिला मरीज के साथ छेड़छाड़ करने का संगीन आरोप लगा था। इसके ठीक बाद, करीब एक सप्ताह पहले दवा वितरण लाइन में खड़े होने के दौरान एक सफाई कर्मचारी ने युवती के साथ बदसलूकी की थी। अब शौचालय में वीडियो बनाने के इस नए कांड ने अस्पताल के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं।

रोजाना करीब 2500 मरीजों की ओपीडी वाले इस अस्पताल में आधे से ज्यादा तादाद महिलाओं की होती है। आरोपी युवक टॉयलेट के भीतर कितनी देर से छुपा था और उसने कितनी महिलाओं की क्लिपिंग्स बनाई हैं, इसका सटीक पता अभी नहीं चल सका है। इस वारदात के बाद से मुख्य गवाह महिला बुरी तरह सहमी हुई है। अस्पताल के डॉक्टरों और तीमारदारों ने अब परिसर में गार्ड्स की संख्या बढ़ाने, डार्क स्पॉट्स पर तुरंत कैमरे चालू करने और महिला शौचालयों के बाहर कड़ा पहरा बिठाने की मांग तेज कर दी है।

Leave a Comment