Fastest news from Uttarakhand

मुस्लिम आरक्षण लाकर देश को बांटना चाहती है कांग्रेस : बंसल

देहरादून (एजेंसी)। राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल ने कहा कि कांग्रेस मुस्लिम आरक्षण लागू कर देश को बांटना चाहती है। बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान नरेश बंसल ने कहा कि सामाजिक, आर्थिक सर्वे के पीछे कांग्रेस के खतरनाक इरादे हैं। आरोप लगाया कि कांग्रेस का पंजा लोगों की संपति हड़पने का छिपा हुआ एजेंडा लेकर आया है।

जिसका खुलासा स्वयं कांग्रेस के सलाहकार सेम त्रिपोदा ने कर दिया है। उन्होंने चुनौती दी कि कांग्रेस अपने छिपाए सच को स्वीकार करे या फिर उसे घोषणा पत्र से हटाए। कहा कि कांग्रेस माता-पिता से बच्चों को मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के लोगों की संपत्ति अल्पसंख्यकों में बांटना चाहती है और उसके नेता लंबे समय से इसकी वकालत कर रहे हैं।

बंसल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक बार फिर तुष्टिकरण के जरिए देश को बांटने की कोशिश कर रही है और देश के लोगों को इससे सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक बार पहले भी देश को बांटा है और अब फिर वह उसी एजेंडे पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की महिलाओं का सोना चुराने के लिए सर्वे कराना चाहती है और ऐसे में माताओं- बहनों का मंगलसूत्र भी सलामत नहीं रहेगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, कमलेश रमन, डॉ आरपी रतूड़ी आदि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.