देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

उत्तराखंड के 11 पत्रकार विशाखापत्तनम प्रेस टूर पर रवाना, केंद्र की विकास योजनाओं का लेंगे जायजा

By Rajat Sharma

Published on:

देहरादून : सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून ने उत्तराखंड के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के 11 पत्रकारों का एक दल विशाखापत्तनम के लिए 5 दिवसीय प्रेस टूर पर रवाना किया। सोमवार को प्रस्थान करने वाले इस दल का उद्देश्य भारत सरकार की प्रमुख परियोजनाओं, औद्योगिक विकास और जनजातीय कल्याण योजनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करना है।

प्रेस टूर के संयोजक एवं पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशर संजीव सुंद्रियाल ने बताया कि पत्रकार हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल), हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड, केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आंध्र प्रदेश) का दौरा करेंगे। इसके अलावा अराकू घाटी के जनजातीय क्षेत्रों, कॉफी बोर्ड कार्यालय, नौसेना डॉकयार्ड, पूर्वी नौसेना कमान के साथ चर्चा तथा आईएनएस कुरुसुरा पनडुब्बी संग्रहालय का भ्रमण कार्यक्रम में शामिल है।

श्री सुंद्रियाल ने कहा, “यह टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को राष्ट्रीय विकास परियोजनाओं से जोड़ेगा, जिससे वे अपनी रिपोर्टिंग में सरकारी उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचा सकेंगे। भविष्य में भी ऐसे टूर आयोजित किए जाएंगे।” उन्होंने जोर दिया कि इन दौरे से पत्रकारों को बंदरगाह विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन करने का अवसर मिलेगा।

पीआईबी की यह पहल सरकारी नीतियों को मीडिया के माध्यम से उत्तराखंड की जनता तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो क्षेत्रीय पत्रकारिता को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य प्रदान करेगी।

Leave a Comment