रामकुमार वालिया के जन्मदिन पर सर्व समाज महासंघ जुटा, दिल्ली-बिहार से पहुंचे समर्थक
-
उत्तराखंड कांग्रेस का बड़ा आयोजन: समाज सेवा से जुड़ी 200 हस्तियों को मिला मंच से सम्मान
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सामाजिक और राजनीतिक सरगर्मियों के बीच एक बड़ा आयोजन देखने को मिला। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रामकुमार वालिया के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उनके सुपुत्र व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया द्वारा एक भव्य नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राजपुर रोड स्थित प्रमुख वेडिंग प्वाइंट परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के कोने-कोने से आई 200 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके तुरंत बाद स्थानीय लोक कलाकारों ने उत्तराखंड की पारंपरिक लोक कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच संचालन की कमान उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने संभाली।
मंच से राज्य आंदोलनकारियों, पूर्व सैन्य अधिकारियों, जाट व गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियों, पत्रकारों और पूर्व पार्षदों समेत 200 विभूतियों को शॉल, माला व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। दिल्ली, गुरुग्राम और बिहार से भी सर्व समाज महासंघ के प्रतिनिधि इस गरिमामय पल के साक्षी बनने पहुंचे।
समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत तथा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह विशेष रूप से पहुंचे। प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जनहित, रोजगार और विकास के लिए प्रदेश में सत्ता परिवर्तन अनिवार्य है। उन्होंने वैभव वालिया के संगठनात्मक कौशल की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य का प्रभावशाली जनप्रतिनिधि करार दिया।
वहीं पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि रामकुमार वालिया का सामाजिक जीवन लगातार जनता से जुड़ा रहा है। उन्होंने वैभव वालिया की निष्ठा की तारीफ करते हुए कहा कि उनके जैसे युवाओं की सक्रियता से 2027 के विधानसभा चुनाव में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
जन्मदिन समारोह उस समय राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण हो गया जब सत्ताधारी दल और निर्दलीय खेमे के कई प्रमुख चेहरों ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। मंच की मौजूदगी में वरिष्ठ समाजसेवी रजनीश वालिया, विद्या विहार वार्ड से पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी देवेन्द्र जयसवाल और भाजपा के सोशल मीडिया महानगर प्रभारी हारून अंसारी ने अपने समर्थकों के साथ औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ली।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में रामकुमार वालिया ने सभी अतिथियों का आभार जताया और भावुक होते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों का यह सम्मान उनके लिए किसी भी व्यक्तिगत उपलब्धि से बड़ा है।
आयोजक वैभव वालिया ने कहा कि समाज के निस्वार्थ सेवकों को सम्मानित करना ही इस पूरे आयोजन की मूल भावना थी। कार्यक्रम का समापन केक काटने और शूरवीर सजवान, धीरेंद्र प्रताप, जसविंदर गोगी समेत सैकड़ों नेताओं की उपस्थिति में शुभकामनाओं के साथ हुआ।







