धरातल पर क्षमताहीन हुई कांग्रेस, एसआईआर पर झूठ फैलाना एकमात्र सहारा : भाजपा
देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस से एसआईआर प्रक्रिया में दर्ज आपत्तियों में शिकायत के बजाय उनके निस्तारण में सहयोग की अपील की है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने कहा कि त्रुटिहीन मतदाता सूची निर्माण सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है, लिहाजा भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह उन्हें भी मतदाताओं एवं संवैधानिक संस्थाओं की मदद करनी चाहिए। खबरों में बने रहने के लिए सिर्फ शिकायत मुलाकात का खेल उत्तराखंड जनता देख समझ रही है और अनुकूल समय पर उचित जवाब देगी।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं द्वारा एसआईआर की शिकायतें को लेकर लगाई देहरादून से दिल्ली तक की दौड़ को सिर्फ समाचारों की सुर्खियां बनने की होड बताया है। कहा, दरअसल जब एसआईआर की घोषणा से पहले निर्वाचन आयोग ने बीएलओ 2 के नाम मांगे तो आनन फानन में कांग्रेस पार्टी ने भाजपा से आगे दिखने की होड़ में नामों की सूची भेज दी। जिनमें अधिकांश नाम या तो सही नहीं होंगे, या काम करने की स्थिति में नहीं हैं या सहयोग करना ही नहीं चाहते।
यही वजह है कि जा प्री एसआईआर की प्रक्रिया संपन्न हुई तब भी कांग्रेस पार्टी जमीन से नदारद थी। अब वर्तमान प्रक्रिया में अनमेप्ड और आपत्ति की संख्या सामने आई तो बिना वस्तुस्थित और नियमावली को समझे मनगढंत आरोप लगाने में कांग्रेस जुटी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा की तरह इस बार भी एसआईआर पर दोहरा रुख अपना रही है, एक तरफ त्रुटिहीन मतदाता सूची की वकालत करती है, दूसरी तरफ अनमेप्ड और आपत्तियों पर झूठे आरोप लगाती हैं। उनके नेता जनता के बीच जाकर न तो सच्चाई जानने की क्षमता रखते हैं और न ही ऐसा कोई प्रयास करते हैं। न तो कांग्रेस पार्टी की मंशा है सफल एसआईआर की और न ही उनके पास जमीनी स्तर पर कार्यकर्ता हैं प्रक्रिया में शामिल होने के लिए।
कांग्रेस अच्छी तरह से जानती है कि देश की तरह प्रदेश में भी वोटरों का एक बड़ा तबका है जो अवैध तरीके से मतदाता सूची में प्रवेश कर गया था। अब ऐसे नाम हट रहे हैं या उनपर आपत्तियां लग रही हैं और कांग्रेस को मिर्ची लग रही है, जो कहीं न कहीं दर्शाता है कि ये सभी कांग्रेस पार्टी को अपने समर्थक लगते हैं।
वहीं इस मुद्दे पर कांग्रेस की दिल्ली देहरादून दौड़ पर तंज कसते हुए कहा, ऐसा करके न तो वह संवैधानिक प्रक्रिया को रोक सकते हैं और न ही घुसपैठिए एवं अवैध नामों को उसमें जोड़े रख सकते हैं। फिर भी इनसे अलग आपत्तियों पर उन्हें कोई समस्या है तो उन्हें जमीन पर निस्तारण के लिए उतरना चाहिए।
भाजपा की तरह उनके नेताओं कार्यकर्ताओं को मतदाताओं को जागरूक कर, उनके कागजात पूरे करवाकर और अन्य तरीकों से सहयोग कर आपत्तियों का निस्तारण करवाना चाहिए। ये प्रत्येक साल की प्रक्रिया तो नहीं है, ऐसे में लंबे समय तक त्रुटिहीन मतदाता सूची बनाने के लिए तो इस प्रक्रिया में सभी राजनैतिक दलों और नागरिकों को सक्रिय सहयोग करना चाहिए। लेकिन हमेशा की तरह इसमें भी कांग्रेस पार्टी कामचोरी कर रही है और सिर्फ जनता के सामने दिखावा करने, झूठ भ्रम फैलाने और मीडिया सुर्खियां बनने के लिए शिकायत और मुलाकातों का खेल, खेल रही है।
उन्होंने आग्रह किया कि स्वास्थ्य और मजबूत लोकतंत्र के लिए जिस तरह भाजपा कार्यकर्ता एसआईआर में सहयोग कर रहा है, ठीक उसी तरह कांग्रेस को सक्रिय सहयोग करना चाहिए। सिर्फ हो हल्ला मचाकर, संवैधानिक प्रक्रिया पर शंका फैलाकर, परिणाम वही होगा जो आसाम, बिहार, बंगाल में सामने आया है।






