यू-ट्यूबर की दादागिरी पड़ी भारी: देहरादून पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत 4 को भेजा जेल
-
दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल और उसके 3 साथी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार
देहरादून। मशहूर यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल और उनके तीन अन्य साथियों की रंगबाजी आखिरकार दून पुलिस की सख्ती के आगे धरी की धरी रह गई। देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने एक युवक को जबरन गाड़ी में डालकर उसके साथ जानलेवा मारपीट करने और अपहरण के प्रयास के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए यू-ट्यूबर सहित कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पटेल नगर थाना क्षेत्र के टी स्टेट बंजारावाला निवासी राज सिंह चौहान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 5 अक्टूबर की रात अनुराग डोभाल और उसके साथियों ने उसे बातचीत के लिए हरिद्वार बाईपास रोड पर बुलाया। जब वह मौके पर पहुंचा, तो आरोपियों ने जबरन अपनी गाड़ी में खींच लिया। इसके बाद चलती गाड़ी में उसके साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसे जान से मारने की नीयत से अगवा कर ले जाने की कोशिश में थे।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए नेहरू कॉलोनी थाने में शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान जैसे-जैसे साक्ष्य सामने आए, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे में बीएनएस की धारा 140(1) यानी किडनैपिंग और धारा 3(5) की वृद्धि कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के कड़े निर्देशों के बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने 8 अक्टूबर को सुद्धोवाला (प्रेमनगर) क्षेत्र में छापेमारी कर नामजद अभियुक्त अनुराग डोभाल और उसके तीन साथियों को दबोच लिया।






