दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने लाई गई नाबालिग, बंधक बनाकर गलत काम कराने की कोशिश
-
व्हाट्सएप पर फोटो भेजकर तय होते थे रेट, हरभजवाला से 3 महिलाओं और 3 पुरुषों को पुलिस ने दबोचा
-
देहरादून में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ : दिल्ली से बुलाई जाती थीं लड़कियां, सरगना के पास से नकदी बरामद
देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव के एक किराये के मकान में चल रहे इस अवैध धंधे पर पुलिस ने औचक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कमरे में बंधक बनाकर रखी गई दिल्ली की एक नाबालिग लड़की को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाकों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी अभियान के तहत पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक जयवीर सिंह और महिला उपनिरीक्षक शिखा तेग्रवाल की अगुवाई में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने बताए गए पते पर छापा मारकर तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य सरगना मनीष कुमार लखेड़ा (42) निवासी हरभजवाला है। मनीष कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह साल 2016 में भी देहरादून के थाना क्लेमेंट टाउन क्षेत्र में अनैतिक देह व्यापार अधिनियम (मु०अ०सं० 52/2016) के तहत गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
जेल से छूटने के बाद उसने पटेलनगर इलाके में नया ठिकाना बनाया और किराये पर मकान लेकर फिर से यही अवैध कारोबार शुरू कर दिया। मनीष व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को लड़कियों की तस्वीरें भेजता था और सौदा तय होने पर दिल्ली से महिलाओं को बुलाता था।
मामले में सबसे गंभीर बात नाबालिग लड़की के साथ हुई धोखाधड़ी है। मनीष का साथी अभिषेक निवासी दिल्ली, उस लड़की को मसूरी घुमाने का झांसा देकर देहरादून लाया था। यहां लाकर उस पर देह व्यापार का दबाव बनाया गया। जब लड़की ने इससे साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उसे कमरे में बंधक बना लिया।
पुलिस ने मौके से 18,000 रुपये नकद और कुछ आपत्तिजनक सामग्री व दवाइयां जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार लखेड़ा, अभिषेक, भानू उर्फ सिद्धान्त (देहरादून) तथा दिल्ली निवासी तीन महिलाओं – ममता, नेहा और सुमन के रूप में हुई है।
पटेलनगर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 96, 99, 127(2), 3(5) के साथ-साथ पोक्सो अधिनियम (POCSO Act) की धारा 14(5) और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत एफआईआर (मु०अ०सं० 704/2026) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब सरगना के पुराने संपर्कों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पड़ताल कर रही है।






