देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन में सनसनी वारदात, पति ने 26 वर्षीय पत्नी की गोली मारकर की हत्या

By Rajat Sharma

Published on:

देहरादून के क्लेमेनटाउन में सनसनी : पति ने फोन कर कहा- ‘मैंने पत्नी को गोली मार दी’, फिर हुआ गायब

देहरादून (ब्यूरो)। राजधानी देहरादून का क्लेमेनटाउन इलाका सोमवार तड़के उस वक्त दहल उठा, जब एक व्यक्ति ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन घुमाकर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपना मोबाइल फोन बंद कर मौके से चंपत हो गया। आनन-फानन में जब पुलिस लोकेशन ट्रैक कर सुभाष नगर स्थित घटनास्थल पर पहुंची, तो वहां बने एक कमरे से 26 वर्षीय महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।

21 सितंबर की सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम को सूचनाकर्ता धीरज पंवार का फोन आया। उसने हड़बड़ाहट में कहा कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने जब तत्काल उस नंबर पर वापस संपर्क साधने की कोशिश की, तो फोन लगातार बंद आता रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सर्विलांस और सर्विंग सेल की मदद से कॉलर की अंतिम लोकेशन खंगाली और संबंधित इलाके में स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ईदगाह रोड, सुभाष नगर स्थित सत्य साईं मंदिर के पास एक प्लॉट में बने कमरे में पहुंची। अंदर तलाशी लेने पर काजल (26 वर्ष) पत्नी धीरज पंवार का शव पड़ा मिला। शुरुआती जांच में शरीर पर गोली का निशान मिला है, जिससे अधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उसकी मौत होना सामने आया है। मृतका और उसका पति मूल रूप से ग्राम मेघा शकरपुर, थाना पुरकाजी (मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं और यहां किराए पर रह रहे थे।

घटनास्थल के ठीक बगल में मृतका का भाई अभिषेक भी निवास करता है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बहन काजल और जीजा धीरज के बीच पिछले कुछ दिनों से अनबन चल रही थी। अक्सर उनके बीच कहासुनी हुआ करती थी। पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध असलहा देशी तमंचा था या कोई लाइसेंस्ड हथियार, इसका पता लगाया जा रहा है। मृतका के भाई अभिषेक की लिखित तहरीर पर थाना क्लेमेनटाउन में धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है।

एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में आरोपी धीरज पंवार की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। चूंकि आरोपी मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला है, इसलिए देहरादून पुलिस की एक टीम को मुजफ्फरनगर-पुरकाजी क्षेत्र के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए रवाना किया गया है। इसके अलावा आशारोड़ी और कुल्हाल चेकपोस्ट पर भी चेकिंग बढ़ा दी गई है ताकि आरोपी राज्य की सीमा पार न कर सके। पुलिस मामले के हर तकनीकी पहलू की पड़ताल में जुटी है।

Advertisement

Leave a Comment