देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

सीएम धामी और राज्यपाल का बड़ा एक्शन, देहरादून की सूरत बदलेंगी ये 51 परियोजनाएं

By Rajat Sharma

Published on:

उत्तराखंड में ‘सेवा पखवाड़ा’ पर बड़ी सौगात, देहरादून के हर कोने में पहुंचेगा विकास का पैसा

ऋषिकेश (ब्यूरो)। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने देहरादून जिले के बुनियादी ढांचे को एक नया विस्तार देते हुए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की झड़ी लगा दी है। ऋषिकेश के आईडीपीएल मैदान में आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम के मंच से राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से जनपद को ₹219.29 करोड़ की कुल 51 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी।

सरकार ने इस दौरान ₹172.78 करोड़ की लागत वाली 38 नई परियोजनाओं का शिलान्यास कर उनकी नींव रखी, जबकि ₹46.50 करोड़ के बजट से पूरी हो चुकी 13 महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें तत्काल प्रभाव से जनता को समर्पित कर दिया। इस भारी-भरकम बजट का एक बड़ा हिस्सा जिले के नदी तटीय इलाकों में बाढ़ सुरक्षा, शहरी सड़कों के सुदृढ़ीकरण, आधुनिक सड़कों के निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई गूलों के आधुनिकीकरण पर खर्च किया जा रहा है।

इस बड़े विकास पैकेज के तहत शिलान्यास की गई योजनाओं में सबसे ज्यादा ध्यान सड़कों और बाढ़ सुरक्षा पर दिया गया है, जिसमें सहसपुर के भगवानपुर में भद्रकाली मंदिर तक इंटरलोकिंग टाइल्स के लिए ₹61.87 लाख और डूंगा सुदामा से बलवीर के घर तक के मार्ग के लिए ₹48.14 लाख की मंजूरी दी गई है।

मसूरी विधानसभा क्षेत्र में मालसी संपर्क मार्ग की सतह सुधारने पर ₹66.41 लाख और दून विहार के आंतरिक मार्गों पर ₹132.52 लाख खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही न्यू कैंट रोड सालावाला में दो अलग-अलग स्थानों पर आरसीसी और पीएससी गर्डर सेतु के निर्माण के लिए क्रमशः ₹541.28 लाख और ₹536.10 लाख का भारी बजट तय किया गया है, जबकि झड़ीपानी ट्रैक के सौंदर्यीकरण के लिए ₹499.50 लाख की व्यवस्था की गई है। शहरी क्षेत्र के विलासपुर मुख्य मार्ग से विलासपुर एन्क्लेव तक मार्ग निर्माण पर ₹210.61 लाख और सालावाला के आंतरिक मार्गों व नालियों के सुधार पर ₹181.74 लाख खर्च होंगे।

डोईवाला क्षेत्र के लक्ष्मीपुरम, प्रयाग एन्क्लेव, नागेश्वर पुरम और चित्रा विहार के आंतरिक रास्तों में इंटरलोकिंग टाइल्स के लिए करीब ₹1.83 करोड़ से अधिक का प्रावधान किया गया है। आपदा प्रबंधन को मजबूत करते हुए रायपुर मंडल के तहत क्षतिग्रस्त हुई 20 किलोमीटर लंबी मुख्य व आंतरिक सड़कों को नालियों सहित दोबारा बनाने के लिए ₹775.77 लाख का बड़ा बजट दिया गया है।

नदियों से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए सरकार ने धर्मपुर के हरभजवाला में आसन नदी की सफाई और दोनों तरफ पुश्ता निर्माण के दूसरे चरण के लिए ₹611.54 लाख जारी किए हैं। रायपुर में गुर्जर बस्ती से ओएसिस स्कूल तक सौंग नदी के चैनेलाइजेशन पर ₹246.14 लाख और लोहे के पुल से सौंग पुल तक बाढ़ सुरक्षा पर ₹422.53 लाख खर्च होंगे। डोईवाला की दुल्हनी नदी के विभिन्न संवेदनशील इलाकों जैसे लक्ष्मण सिद्ध कॉलोनी, नकरौंदा रोड, निर्मल कॉलोनी और दिल्ली फार्म में बाढ़ सुरक्षा के लिए ₹412.70 लाख की योजना स्वीकृत हुई है।

रायपुर के डिफेंस कॉलोनी व जोगीवाला बद्रीपुर के नाले के लिए ₹460.45 लाख, सुसवा नदी के दूधा देवी पुल के पास ₹321.84 लाख, सहसपुर में नून नदी के तट पर स्थित जामुनवाला खेल मैदान की सुरक्षा के लिए ₹480.64 लाख और कैंट क्षेत्र में टौंस नदी के पास स्वर्गआश्रम व गौशाला की सुरक्षा दीवार के लिए ₹186.28 लाख का प्रावधान किया गया है। ग्रामीण और कृषि क्षेत्र को सहारा देने के लिए चकराता के सुनौडा में पाइप नहर के लिए ₹99.06 लाख, बानपुर व शेडिया नहरों के लिए ₹79.78 लाख, दसऊ पाइप नहर के लिए ₹97.15 लाख और विकासनगर में ढलानी नहर निर्माण के लिए ₹238.34 लाख की योजनाएं शुरू की गई हैं। डोईवाला में छिद्रवाला, खदरी, गुलरानी और बुल्लावाला नहरों के पुनरुद्धार पर कुल मिलाकर ₹16 करोड़ से अधिक की राशि खर्च होगी।

इसके अलावा कांवली नहर की हरवंशवाला माइनर के लिए ₹92.98 लाख, कालंगा गंगा नहर को कवर करने के लिए ₹70.24 लाख और रिंग रोड नत्थनपुर में पुरानी गूल के पुनर्निर्माण व मार्ग चौड़ीकरण के लिए ₹71.82 लाख दिए गए हैं। सामाजिक और शहरी विकास के तहत खदरी खड़कमाफ के अमृत सरोवर को वॉटर स्पोर्ट्स के लिए विकसित करने को ₹21.04 लाख, उत्तराखंड औद्यानिक एकीकृत विकास सोसाइटी के पीएमयू कार्यालय भवन के लिए ₹250 लाख, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बद्रीपुर के पुनर्निर्माण पर ₹33.05 लाख खर्च होंगे।

निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए माजरी में ₹489.04 लाख और भोपालपानी में ₹190.59 लाख की लागत से गोशालाएं बनेंगी, जबकि मसूरी डायवर्जन चौक से लाइब्रेरी चौक तक एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग के लिए ₹51.02 लाख और आईएसबीटी देहरादून के कायाकल्प व सुदृढ़ीकरण के लिए ₹27.50 करोड़ का भारी-भरकम बजट स्वीकृत किया गया है।

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने जिन 13 तैयार परियोजनाओं का लोकार्पण किया, वे अब सीधे जनता के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध हो गई हैं। इनमें रायपुर के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से कुण्ड घराट तक संपर्क मार्ग (लागत ₹60.65 लाख), डोईवाला के वार्ड 5 व रानीपोखरी में आंतरिक मार्ग (लागत ₹62.77 लाख) और हरिद्वार मुख्य मार्ग से चांदमारी तक के आंतरिक रास्ते (लागत ₹70.75 लाख) शामिल हैं।

डोईवाला क्षेत्र में ही धारकोट से लड़वाकोट मोटर मार्ग के 5.20 किलोमीटर हिस्से के अपग्रेडेशन का काम ₹449.48 लाख से पूरा हो चुका है। स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में डोईवाला में बड़े जानवरों के लिए ₹625.40 लाख की लागत से बना अत्याधुनिक ‘स्टेट ऑफ आर्ट’ पशु चिकित्सालय और सुद्धोवाला जेल में बंदियों की अदालती पेशी सुगम बनाने के लिए ₹180.28 लाख की लागत से तैयार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग फैसिलिटी भी अब शुरू हो गई है।

रायपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अजबपुरकला में ₹128.21 लाख की लागत से नया स्कूल भवन बनकर तैयार है। कृषि के लिए डोईवाला की मियांवाला नहर के कमांड क्षेत्र में 3.50 किलोमीटर लंबी पक्की गूलों का निर्माण ₹205.12 लाख से पूरा कर लिया गया है।

पर्यटन और पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए हरिपुर कालसी में यमुना तट पर ₹752 लाख की लागत से भव्य स्नान घाट बनकर तैयार है। मसूरी विधानसभा के तहत बालासुंदरी कैनाल रोड पर रिस्पना नदी के किनारे ₹247.60 लाख से शानदार पार्क विकसित किया गया है।

इसके अलावा रायपुर के मियांवाला पंचायत घर के पास ₹390 लाख, मियांवाला स्थित जोहड़ी की भूमि पर ₹863.80 लाख और गौरादेवी पार्क व कृत्रिम झील के सौंदर्यीकरण पर ₹614.33 लाख खर्च कर इन्हें बेहद आकर्षक सार्वजनिक स्थलों में तब्दील कर दिया गया है।

Advertisement

Leave a Comment