राजपुर में पुलिस की आधी रात सर्जिकल स्ट्राइक, आलीशान मकान से भारी कैश और डॉलर बरामद
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी के पॉश इलाके राजपुर में पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय जुआ रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक अमेरिकी नागरिक समेत 13 सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून प्रमेंद्र डोभाल के निर्देश पर पूरे राज्य में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
डालनवाला के क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की संयुक्त टीम ने राजपुर क्षेत्र में बने एक निजी मकान पर अचानक छापा मारकर इस अवैध कसीनो नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। पुलिस को इस आलीशान ठिकाने पर बड़े पैमाने पर अवैध जुआ संचालित होने की बेहद गोपनीय सूचना मिली थी।
यह पूरी कार्रवाई 17 जून 2026 को राजपुर क्षेत्र में हेलीपैड के बिल्कुल पीछे, क्रिस ज्योति स्कूल की तरफ जाने वाली सड़क के बाईं ओर स्थित एक मकान में की गई। जब पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मकान के भीतर धावा बोला, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
कमरे के अंदर कुल 4 अलग-अलग टेबलों पर कसीनो और लास वेगास की तर्ज पर जुए का खेल धड़ल्ले से चल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से सभी 13 आरोपियों को दबोच लिया, जिनमें से एक आरोपी अमेरिकी मूल का नागरिक निकला। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम ने जुआरियों के पास से 1,52,870 रुपये की भारतीय करेंसी और 41 अमेरिकी डॉलर नकद बरामद किए हैं। इसके साथ ही जुए के खेल में इस्तेमाल होने वाली 167 ताश की गड्डियां, 625 डाइस (पासे) और दांव लगाने के लिए इस्तेमाल होने वाले 118 हाई-टेक चिप्स भी बरामद किए गए हैं। पकड़े गए सभी अभियुक्तों के खिलाफ थाना राजपुर में मु0अ0स0 – 118/26 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पकड़े गए आरोपियों में सहस्त्रधारा रोड स्थित तिब्बतन कॉलोनी के रहने वाले तेनजिंग निमा (51 वर्ष), पेमा वन्सु (59 वर्ष), सिरीगं फुसंको (41 वर्ष), तेनजिगं (53 वर्ष), ढिले फुर्सत (42 वर्ष), योटीन जासू (54 वर्ष), धारगिल (65 वर्ष) और धुन्डुप (56 वर्ष) शामिल हैं। इनके अलावा पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर स्थित तिब्बतन कॉलोनी निवासी तेनजिन छोगे (46 वर्ष), कुल्हान निवासी फूखु सिरिगं (51 वर्ष), रायपुर के नालापानी तिब्बतन कॉलोनी निवासी श्रृंग धुन्धो (65 वर्ष) और तरला नागल निवासी गैлसिगं (47 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया है। इस रैकेट में शामिल अमेरिकी नागरिक की पहचान तासी दाण्डो (67 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओरेगन, यूएसए का रहने वाला है और फिलहाल राजपुर की तिब्बतन कॉलोनी में ही रह रहा था।
इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली मुख्य टीम में क्षेत्राधिकारी डालनवाला श्री नितिन लोहानी, थाना राजपुर के थानाध्यक्ष पी0डी0 भट्ट, वरिष्ठ उप-निरीक्षक प्रवेश रावत, आईटी पार्क चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक दीपक द्विवेदी और उप-निरीक्षक महावीर सिंह शामिल रहे। वहीं इस कार्रवाई को सटीक और अचूक बनाने में एसओजी नगर प्रभारी उप-निरीक्षक संदीप लोहान, हेड कांस्टेबल किरन कुमार, कांस्टेबल ललित, कांस्टेबल विशाल और चालक कांस्टेबल अजब ने अपनी मुख्य भूमिका निभाई।






