देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

देहरादून के विकासनगर में भारी तनाव : पानी के विवाद में घर में घुसकर युवक को हथौड़े से मार डाला

By Rajat Sharma

Published on:

विकासनगर में हत्या के बाद भड़का गुस्सा : हिंदू संगठनों का हंगामा, विधायक मुन्ना सिंह चौहान मौके पर पहुंचे

विकासनगर। देहरादून जिले के विकासनगर अंतर्गत बैरागीवाला में शनिवार शाम दो अलग-अलग समुदायों के बीच मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। हमलावरों ने एक घर में जबरन घुसकर हथौड़े और बेलचे से हमला कर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। इस हिंसक वारदात में महिला समेत परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घायलों को आनन-फानन में हरबर्टपुर के लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद इलाके में भारी सांप्रदायिक तनाव फैल गया, जिसके बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा काटा।

स्थिति को बिगड़ता देख एसपी देहात पंकज गैरोला और क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनुज कुमार समेत कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी को बैरागीवाला और अस्पताल परिसर में तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, बैरागीवाला निवासी वसीम और भगवत के परिवारों के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर तनातनी चल रही थी। शनिवार शाम को दोनों के बीच खेत में कुलावे से पानी लेने को लेकर कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते गाली-गलौज तक पहुंच गई। इसके बाद दूसरे समुदाय के करीब 8 से 10 लोग हाथों में लोहे के बेलचे और भारी हथौड़े लेकर भगवत के घर में जबरन दाखिल हो गए।

आरोप है कि हमलावरों ने घर में मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने भगवत के परिवार के सदस्यों अशोक, सुषमा, राजेश कुमार और विनोद को बुरी तरह पीटना शुरू किया। हमलावरों ने विनोद के सिर पर हथौड़े से एक के बाद एक कई घातक वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

आसपास के लोगों की मदद से चारों लहुलूहान घायलों को तत्काल हरबर्टपुर स्थित लेहमन अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद विनोद को मृत घोषित कर दिया और उसके शव को मोर्चेरी में रखवा दिया है। गंभीर रूप से घायल अशोक, सुषमा और राजेश कुमार का अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में आपातकालीन उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया।

विधायक ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। सहसपुर के कोतवाल प्रदीप रावत समेत भारी पुलिस बल मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रहा है।

एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Advertisement

Leave a Comment