सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दून का मारपीट वीडियो, एसएसपी के निर्देश पर 6 दबोचे गए
उत्तराखंड में हुड़दंगियों की खैर नहीं, रेलवे स्टेशन पर बवाल करने वाले पहुंचे सलाखों के पीछे
देहरादून (ब्यूरो)। उत्तराखंड की राजधानी में सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक मारपीट के वीडियो का संज्ञान लेते हुए दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। रेलवे स्टेशन परिसर के पास सरेआम लात-घूंसे चलाने और लोक शांति भंग करने के आरोप में पुलिस टीम ने छह हुड़दंगियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेंद्र डोभाल के निर्देश पर जिले में ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों और मातहतों को साफ हिदायत है कि सड़कों या सार्वजनिक जगहों पर हुड़दंग, गाली-गलौज और मारपीट करने वालों को कतई न बख्शा जाए। इसी कड़ी में जब रेलवे स्टेशन के पास का यह हिंसक वीडियो पुलिस कप्तान के सामने आया, तो उन्होंने तुरंत आरोपियों को चिन्हित कर दबोचने के आदेश जारी किए।
कोतवाली पुलिस और लक्खीबाग चौकी की टीम ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू की। खुफिया तंत्र और स्थानीय स्तर पर सुरागरसी व पतारसी करते हुए पुलिस ने पाया कि वीडियो में दिख रहे सभी युवक थाना पटेलनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस टीम ने 27 मई 2026 को घेराबंदी करते हुए ब्रह्मपुरी और चमनपुरी इलाकों से सभी छह आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस की गिरफ्त में आए युवकों ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जाने के लिए देहरादून रेलवे स्टेशन के टिकट घर पर पहुंचे थे। टिकट काउंटर की लाइन में खड़े होने के दौरान उनकी कुछ अन्य अज्ञात युवकों से कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच सरेआम मारपीट शुरू हो गई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान फैजान (23 वर्ष) पुत्र मोहम्मद आसिम निवासी लोहिया नगर ब्रह्मपुरी, साहिल (22 वर्ष) पुत्र सलीम अहमद निवासी चमन पुरी (निकट पुलिस चौकी बाजार), सुहैल (23 वर्ष) पुत्र मोहम्मद हारून निवासी ब्रह्मपुरी निरंजनपुर के रूप में हुई है। इनके साथ ही सारिक (25 वर्ष) पुत्र सब्बन खां, अरशद (19 वर्ष) पुत्र मोहम्मद शब्बीर और जुनैद (19 वर्ष) पुत्र मोहम्मद हारून को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह सभी आरोपी थाना पटेलनगर क्षेत्र के निवासी हैं।
इस पूरी त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में लक्खीबाग चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक (उ०नि०) राकेश पुंडीर, कांस्टेबल हारून, कांस्टेबल सहदेव त्यागी, कांस्टेबल राजेश कुंवर, कांस्टेबल नरेंद्र और कांस्टेबल लोकेंद्र शामिल रहे। एसएसपी ने साफ किया है कि देवभूमि की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






