लाखों की स्मैक और अंग्रेजी शराब बरामद, दून पुलिस ने तोड़ी नशे के सौदागरों की कमर
देहरादून (ब्यूरो)। राजधानी में बढ़ते नशे के जाल को काटने के लिए दून पुलिस ने अपनी घेराबंदी तेज कर दी है। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के कड़े निर्देशों के बाद अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने तीन शातिर तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से करीब 3 लाख रुपये मूल्य की स्मैक और भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई है।
कोतवाली डोईवाला पुलिस ने टोल प्लाजा लच्छीवाला के पास सघन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर 26 वर्षीय बबलू साहनी के कब्जे से 10.05 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। अभियुक्त बिहार के दरभंगा जिले का मूल निवासी है और वर्तमान में डोईवाला की केशवपुरी बस्ती में रह रहा था।
बबलू साहनी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। वह पहले भी आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे संगीन मामलों में जेल की हवा खा चुका है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि वह स्मैक की यह खेप कहां से लाया था और देहरादून में उसके नेटवर्क से कौन-कौन से छोटे पैडलर्स जुड़े हुए हैं।
डोईवाला क्षेत्र में ही एक अन्य कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एयरपोर्ट तिराहा जॉलीग्रांट पर घेराबंदी की। यहाँ नेहरू कॉलोनी निवासी अंकुर कुमार को पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा। आरोपी के पास से 2 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसमें कुल 96 पव्वे शामिल थे।
वहीं, थाना सेलाकुई पुलिस ने लेबर चौक के पास छापेमारी कर जीवन थापा नामक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 90 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की गई है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
देहरादून पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो पछवादून और डोईवाला क्षेत्र नशे की तस्करी के लिए संवेदनशील कॉरिडोर बनते जा रहे हैं। हाल के महीनों में पुलिस ने बाहरी राज्यों से आने वाले नशा तस्करों पर निगरानी बढ़ाई है, जिसके परिणाम स्वरूप स्मैक की इन बड़ी खेपों की बरामदगी हो रही है। एसएसपी ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।






