गंगोत्री धाम में उमड़ी भीड़ : दर्शन के लिए कतारबद्ध व्यवस्था, एसपी ने किया औचक निरीक्षण
उत्तरकाशी (ब्यूरो)। चारधाम यात्रा 2026 के चरम पर पहुंचने से पहले उत्तरकाशी पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) कमलेश उपाध्याय ने मंगलवार को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग और धाम परिसर का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा चक्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए। यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस बल को ‘प्वाइंट टू प्वाइंट’ ब्रीफिंग दी गई ताकि श्रद्धालुओं को जाम और अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
गंगोत्री हाईवे के सबसे चुनौतीपूर्ण और संकरे इलाकों जैसे भटवाड़ी, चढेती, हेलगुगाड और स्वारीगाड में एसपी ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने गंगनानी, लिमचीगाड, डबरानी, सुक्की, धराली और जांगला जैसे संवेदनशील स्थानों का भौतिक निरीक्षण किया। इन प्वाइंट्स पर तैनात पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) के जवानों को साफ हिदायत दी गई है कि वे किसी भी आपात स्थिति में सीधे कंट्रोल रूम के संपर्क में रहें।
ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर पुलिस ने रणनीति स्पष्ट कर दी है। एसपी ने निर्देश दिया कि यदि मार्ग पर भारी वाहनों या अधिक दबाव के कारण जाम की स्थिति बनती है, तो तत्काल ‘वन-वे’ व्यवस्था लागू की जाए। पार्किंग स्थलों पर वाहनों की एंट्री और एग्जिट के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं ताकि हाईवे पर वाहनों का दबाव न बढ़े।
हीना स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र पर एसपी ने मेडिकल और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को परखा। उन्होंने पुलिस कर्मियों को आदेश दिया कि श्रद्धालुओं का कम से कम समय लिया जाए और उनके साथ व्यवहार बेहद सौम्य और सरल रखा जाए। यात्रा के दौरान यात्रियों को उत्तरकाशी पुलिस की विशेष ‘डिग्दर्शिका’ (गाइडबुक) भी वितरित की जा रही है, जिसमें सुरक्षित यात्रा के सभी महत्वपूर्ण टोल-फ्री नंबर और दिशा-निर्देश शामिल हैं।
गंगोत्री धाम और घाटों की सुरक्षा के लिए फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और क्यूआरटी (QRT) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन के लिए श्रद्धालुओं को क्रमानुसार कतारबद्ध कर दर्शन कराए जा रहे हैं। एसपी ने खुद यात्रियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और उनके अनुभवों के आधार पर मौके पर मौजूद अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (DSP) जनक सिंह पंवार सहित जिले के आला पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का पूरा ध्यान आने वाले हफ्तों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और संकरे पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है। पुलिस का लक्ष्य ‘जीरो एक्सीडेंट’ और ‘स्मूथ ट्रैफिक’ के साथ इस यात्रा सीजन को संपन्न कराना है।







