Unhealthy Breakfast Foods : सुबह का नाश्ता पूरे दिन की ऊर्जा और स्वास्थ्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। एक्सपर्ट्स भी हमेशा सलाह देते हैं कि सुबह हेल्दी ब्रेकफास्ट लेना चाहिए।
लेकिन अक्सर लोग जल्दी में या स्वाद के चक्कर में ऐसी चीजें खा लेते हैं, जो सेहत के लिए हानिकारक होती हैं। अगर आप रोज़ाना अपनी नाश्ते की प्लेट में कुछ गलत चीजें डाल रहे हैं, तो इसका असर सिर्फ वज़न बढ़ने पर ही नहीं, बल्कि ब्लड शुगर और दिल की सेहत पर भी पड़ सकता है।
मीठे सीरियल्स: चॉकलेट्स और कैलोरी बम
सुबह नाश्ते में चोकोस या अन्य मीठे सीरियल्स खाने से बचना चाहिए। इनमें चीनी की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा देती है।
इससे सिर्फ थकान और चिड़चिड़ापन ही नहीं बढ़ता, बल्कि लंबे समय में वजन बढ़ने का खतरा भी रहता है। हेल्दी नाश्ते में आपको ऐसे सीरियल्स की बजाय ओट्स, दलिया या म्यूज़ली का चयन करना चाहिए।
प्रोसेस्ड मीट: सॉसेज और बेकन
सॉसेज, बेकन और अन्य प्रोसेस्ड मीट्स में सैचुरेटेड फैट और सोडियम अधिक होता है। नियमित सेवन से हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
इसलिए सुबह का नाश्ता हमेशा हल्का और प्रोटीन युक्त होना चाहिए। अगर आप मीट खाते हैं, तो उबली हुई या ग्रिल्ड चीज़ें चुनें।
फ्राइड फूड्स: पूड़ी, समोसा और फ्रेंच फ्राइज
गहरी तली हुई चीजें पेट पर भारी पड़ती हैं और पाचन को धीमा कर देती हैं। सुबह में समोसा या फ्रेंच फ्राइज जैसे फूड्स खाने से ना सिर्फ पेट भारी महसूस होता है, बल्कि यह पूरे दिन की ऊर्जा को भी प्रभावित करता है।
हेल्दी नाश्ते में तली हुई चीजों की जगह उबला अंडा, हल्का सैंडविच या फल शामिल करें।
पेस्ट्री और डोनट्स: चीनी और ट्रांस फैट से भरे
पेस्ट्री और डोनट्स में चीनी और ट्रांस फैट की मात्रा बहुत अधिक होती है। इनके सेवन से ब्लड शुगर जल्दी बढ़ता है और शरीर जल्दी थक जाता है।
साथ ही यह वज़न बढ़ाने का मुख्य कारण भी बन सकते हैं। अगर मीठा खाना है तो ताजे फल या होममेड हेल्दी मफिन का विकल्प बेहतर है।
व्हाइट ब्रेड और जाम
व्हाइट ब्रेड में फाइबर बहुत कम होता है और जाम में चीनी अधिक। यह दोनों मिलकर शरीर को केवल कैलोरी ही देते हैं, पोषण नहीं। नियमित सेवन से ब्लड शुगर लेवल जल्दी बढ़ता है और एनर्जी कम हो जाती है।
इसके बजाय होल व्हीट ब्रेड और घर का बना फलों का जैम या मूंगफली का पेस्ट चुनना चाहिए।
सोडा और कोल्ड ड्रिंक्स
सुबह नाश्ते के साथ सोडा या कोल्ड ड्रिंक्स लेना बिल्कुल गलत है। इनका सेवन पेट में गैस और सूजन पैदा कर सकता है। इसके बजाय ताजे फल का जूस या नारियल पानी लेना शरीर के लिए फायदेमंद रहेगा।
फ्लेवर्ड दही: डायबिटीज के लिए खतरा
फ्लेवर्ड दही में चीनी की मात्रा अधिक होती है। इसका सेवन खाली पेट करने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है, जो डायबिटीज रोगियों के लिए खतरनाक है।
इसके बजाय सादा दही लें और उसमें शहद या कटे हुए फल डालकर हेल्दी नाश्ता बनाएं। नाश्ते को हेल्दी बनाने के लिए हमेशा ताजे फल, ओट्स, दलिया, उबले अंडे, होल व्हीट ब्रेड और सादा दही को प्राथमिकता दें।
इससे आप पूरे दिन के लिए पर्याप्त ऊर्जा और पोषण प्राप्त कर सकते हैं। याद रखें, सुबह का नाश्ता सही हो तो आपकी सेहत लंबे समय तक बनी रहती है।











