देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

देहरादून फायरिंग का खौफनाक सच : बार के झगड़े में गई बुजुर्ग की जान, रोड रेज की रची थी झूठी कहानी

By Rajat Sharma

Published on:

देहरादूनी सड़कों पर खूनी खेल: मॉर्निंग वॉकर की हत्या को ‘हादसा’ बताने की साजिश फेल, असलियत आई सामने

देहरादून (ब्यूरो): राजधानी के पॉश इलाके राजपुर में सुबह-सवेरे हुई सनसनीखेज फायरिंग और एक बुजुर्ग की मौत के मामले में दून पुलिस ने चौंकाने वाला पर्दाफाश किया है। जिसे महज रोड रेज और साइड न देने का विवाद बताया जा रहा था, वह असल में एक नामी बार के बिल को लेकर शुरू हुई खूनी रंजिश निकली। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य शूटर समेत अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं।

जोहड़ी गांव में सुबह करीब 6:50 बजे हुई इस वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया था। शुरुआती सूचना में बताया गया कि दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो के बीच साइड देने को लेकर विवाद हुआ और फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय बुजुर्ग मुकेश कुमार जोशी की जान चली गई। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर जब तफ्तीश शुरू की, तो कड़ियां आपस में जुड़ने लगीं और आरोपियों द्वारा बुना गया ‘रोड रेज’ का जाल ताश के पत्तों की तरह ढह गया।

Oplus_16908288

जांच में सामने आया कि विवाद की असल जड़ कुठालगेट स्थित ZEN – Z बार था। 29 मार्च की रात बार में आए शांतनु त्यागी, आदित्य चौधरी और उनके साथियों का बार कर्मी मोहित अग्रवाल से बिल कम कराने को लेकर हिंसक झगड़ा हुआ था। इस दौरान बार कर्मियों ने दबंगई दिखाते हुए आदित्य चौधरी की स्कॉर्पियो-N का पिछला शीशा तोड़ दिया था। उस वक्त तो आरोपी धमकी देकर चले गए, लेकिन अगले दिन सुबह बदला लेने की नीयत से घात लगाकर बैठ गए।

अगली सुबह जब बार कर्मी रोहित और अखलाक अपने मालिक संदीप कुमार की फॉर्च्यूनर लेकर निकले, तो स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। जोहड़ी गांव के पास दोनों गाड़ियां आमने-सामने आ गईं और बीच सड़क पर गोलियां चलने लगीं। स्कॉर्पियो सवार शांतनु त्यागी ने फॉर्च्यूनर के टायरों को निशाना बनाकर पिस्टल से फायर किए, जिसके जवाब में फॉर्च्यूनर सवारों ने भी अवैध तमंचों से फायरिंग की। इसी क्रॉस फायरिंग की चपेट में निर्दोष बुजुर्ग मुकेश कुमार जोशी आ गए।

घटना के बाद फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने कार में बैठे युवकों को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। पुलिस को गुमराह करने के लिए बार कर्मियों ने इसे सड़क हादसे और रोड रेज का रूप देने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से हुई पूछताछ में सारा सच उगल दिया। पुलिस ने झाड़ियों से दो देसी तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ZEN – Z बार को सील कर दिया है और इसके लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार, मोहम्मद अखलाक, बार संचालक संदीप कुमार और हमलावर पक्ष का आदित्य चौधरी शामिल है। फरार चल रहे शांतनु त्यागी, कविश, समीर और वैभव की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।

एक्सक्लूसिव इनपुट : देहरादून के राजपुर और मसूरी रोड स्थित बार और पब में देर रात तक शराब परोसने और नियमों के उल्लंघन की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। सूत्रों के मुताबिक, पिछले 6 महीनों में इस क्षेत्र में ‘नाइट लाइफ’ के नाम पर बढ़ती गुंडागर्दी और अवैध हथियारों के प्रदर्शन की यह पांचवीं बड़ी घटना है। पुलिस अब इन पब संचालकों के रसूख और वहां काम करने वाले बाउंसरों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी विशेष जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी खूनी मुठभेड़ों को रोका जा सके।

Leave a Comment