Ravindra Jadeja : टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा IPL 2026 से पहले लगातार सुर्खियों में छाए हुए हैं। वजह है उनका चेन्नई सुपर किंग्स से अलग होना। लंबे समय तक CSK का हिस्सा रहे जडेजा अब अपनी पहली फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स में वापसी करने वाले हैं।
राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच संजू सैमसन और जडेजा के ट्रेड को लेकर कई दिनों से बात चल रही थी और अब ये डील हकीकत बनने की कगार पर है। इसके साथ ही जडेजा का CSK में 12 साल का शानदार सफर भी खत्म हो जाएगा।
CSK को 3 बार चैंपियन बनाने वाला हीरो
CSK के साथ इतना लंबा वक्त बिताने वाले जडेजा ने 12 सालों में टीम को तीन बार चैंपियन बनाया – 2018, 2021 और 2023 में। इस दौरान वो फ्रेंचाइजी के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बने। जब 2012 में जडेजा CSK में आए थे, तो उन्हें 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। 2014 में सैलरी घटकर 5.5 करोड़ हुई। फिर 2018 में 7 करोड़ के साथ वापसी की, 2022 में 16 करोड़ मिले और 2025 में CSK ने उन्हें 18 करोड़ की रिकॉर्ड सैलरी के साथ रिटेन किया था।
12 साल में बने अरबपति
कुल मिलाकर जडेजा ने CSK में 12 सीजन खेले और इस दौरान वो अरबपति बन गए। जी हां, CSK से जडेजा ने कुल 123.4 करोड़ रुपये कमाए, जो फ्रेंचाइजी में एमएस धोनी (192.8 करोड़) के बाद दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। अब राजस्थान रॉयल्स के साथ नई शुरुआत होने वाली है, जहां से उनकी IPL यात्रा शुरू हुई थी।











