Prashant Kishor Owaisi Controversy : AIMIM यानी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन अब जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर से खफा हो गई है। पार्टी का आरोप है कि सांसद असदुद्दीन ओवैसी का नाम लेकर किशोर अपनी राजनीतिक चमक बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। जन सुराज नेता ने हाल ही में ओवैसी को सीमांचल की बजाय हैदराबाद पर ध्यान देने की सलाह दे डाली थी।
AIMIM का तीखा वार
AIMIM प्रवक्ता वारिस पठान ने तल्ख लहजे में कहा, ‘दुनिया में सबसे आसान काम सलाह देना है…। मैं प्रशांत किशोर से कहना चाहता हूं कि अपनी सलाह अपने पास ही रखें…। वह खुद डरे हुए हैं कि चुनाव नहीं लड़ रहे हैं…। प्रशांत किशोर हों, राजद हो, कांग्रेस हो या जदयू हो, सीमांचल में ओवैसी की यात्रा में लाखों लोगों को देखने के बाद इन लोगों के पेट में दर्द होने लगा है…।’
उन्होंने आगे कहा, ‘प्रशांत किशोर ओवैसी के नाम का इस्तेमाल कर अपनी राजनीतिक छवि मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह उनका डर और घबराहट दिखा रहा है।’
क्या बोले थे प्रशांत किशोर
किशोर ने कहा था, ‘ओवैसी साहब मेरे दोस्त हैं, लेकिन मेरी सलाह है कि उन्हें हैदराबाद संभालना चाहिए। अपना गढ़ हैदराबाद संभालें और सीमांचल आकर बेवजह कंफ्यूजन न बढ़ाएं। अगर आप हैदराबाद संभालते और वहां के मुसलमानों का भला करते, तो अच्छा होता।’
उन्होंने कहा, ‘इस बार सीमांचल के मुसलमानों को 2020 में की गई गलती को नहीं दोहराना चाहिए। ओवैसी साहब बहुत सम्मानित हैं और पढ़े लिखे हैं, लेकिन उन्हें हैदराबाद में रहने दीजिए। यहां हैदराबाद से लाकर नेता को स्थापित करने की जरूरत नहीं है।’
क्या है तैयारी
AIMIM ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 25 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इधर, जन सुराज ने राज्य की सभी 243 सीटों पर दावा पेश किया है। बिहार में दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान होंगे और 14 नवंबर को मतगणना की जाएगी।











