ITR Refund : आयकर रिटर्न (Income Tax Return – ITR) फाइल करना हर टैक्सपेयर के लिए जरूरी काम है। रिफंड मिलना तो जैसे जेब में बोनस आने जैसा है, लेकिन अगर महीनों इंतजार के बाद भी आपका रिफंड (ITR Refund) खाते में नहीं पहुंचा, तो टेंशन होना लाजमी है।
अगर आपने असेसमेंट ईयर 2025-26 के लिए समय पर ITR दाखिल किया और अब तक पैसा नहीं आया, तो इसके पीछे कुछ सामान्य लेकिन जरूरी कारण हो सकते हैं। आइए, इन कारणों को आसान भाषा में समझते हैं और जानते हैं कि आपका रिफंड (ITR Refund) कहां अटक रहा है।
ई-वेरिफिकेशन में चूक हो रही है?
ITR फाइल करना ही काफी नहीं है, दोस्तों! अगर आपने अपने रिटर्न को ई-वेरिफाई नहीं किया, तो आयकर विभाग (Income Tax Department) उस पर कोई कदम नहीं उठाएगा। बिना ई-वेरिफिकेशन के रिफंड की प्रक्रिया शुरू ही नहीं होती। तो सबसे पहले चेक करें कि आपने अपने ITR को आधार, नेट बैंकिंग या डिजिटल सिग्नेचर के जरिए वेरिफाई किया है या नहीं। अगर नहीं, तो फटाफट ये काम पूरा करें, वरना रिफंड का इंतजार लंबा हो सकता है।
आधार और PAN लिंकिंग में पंगा
आयकर विभाग ने पैन कार्ड को आधार से लिंक करना अनिवार्य कर दिया है। अगर आपके दस्तावेजों में कोई गड़बड़ है, जैसे नाम की स्पेलिंग में अंतर या जन्मतिथि का मिसमैच, तो लिंकिंग पूरी नहीं होगी। और अगर लिंकिंग ही नहीं हुई, तो आपका रिफंड (ITR Refund) अटक जाएगा। इसलिए तुरंत आयकर पोर्टल पर चेक करें कि आपका पैन और आधार सही से लिंक हैं या नहीं। अगर कोई दिक्कत है, तो उसे जल्दी ठीक करें।
दस्तावेजों में गड़बड़झाला
अगर आपके फॉर्म 26AS, फॉर्म 16, और वार्षिक सूचना विवरण (Annual Information Statement – AIS) में दी गई जानकारी आपस में मेल नहीं खाती, तो रिफंड में देरी हो सकती है। मिसाल के तौर पर, अगर आपकी टीडीएस (Tax Deducted at Source) फॉर्म 26AS में दिख रही है, लेकिन आपने उसे अपने ITR में शामिल नहीं किया, तो आयकर विभाग (Income Tax Department) आपसे जवाब मांग सकता है।
ऐसे में रिफंड की प्रक्रिया रुक सकती है। इसलिए अपने दस्तावेजों को अच्छे से जांच लें और सुनिश्चित करें कि सारी जानकारी सही हो।
गलत दावों ने बढ़ाई मुसीबत
कई बार टैक्सपेयर टैक्स बचाने के चक्कर में ऐसी छूट या कटौतियों का दावा कर देते हैं, जिनके लिए उनके पास सही दस्तावेज नहीं होते। अगर आपने भारी-भरकम रिफंड (ITR Refund) का दावा किया है, तो आयकर विभाग (Income Tax Department) उसे बारीकी से जांचेगा। अगर आपकी दी गई जानकारी सही नहीं पाई गई, तो रिफंड में देरी होगी या उसे रद्द भी किया जा सकता है। इसलिए हमेशा सही और पूरी जानकारी के साथ ITR फाइल करें।
बैंक खाते में गलती, रिफंड अटका
ITR भरते समय आपका बैंक खाता ही वह रास्ता है, जहां रिफंड पहुंचता है। लेकिन अगर आपने गलत खाता नंबर, IFSC कोड डाला या आपका बैंक खाता आयकर पोर्टल पर वेरिफाई नहीं है, तो रिफंड (ITR Refund) अटक सकता है। ध्यान रखें कि आपका बैंक खाता आपके नाम पर होना चाहिए और आयकर पोर्टल पर पहले से वेरिफाई होना जरूरी है। अगर इसमें कोई गलती है, तो तुरंत इसे ठीक करें ताकि आपका पैसा समय पर खाते में आए।











