देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

India Weather Update : दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में ठंडी हवाओं का असर, तापमान में गिरावट

By Rajat Sharma

Published on:


India Weather Update : मौसम इन दिनों रफ्तार पकड़कर करवट बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से लेकर केरल तक निचले क्षोभमंडल में एक ट्रफ रेखा फैली हुई है, जो तमिलनाडु से होकर गुजर रही है।

वहीं उत्तर भारत में पंजाब और आसपास के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय है। इन दोनों के असर से आने वाले दिन मौसम का मूड पूरी तरीके से बदलने वाला है।

तमिलनाडु-केरल में बारिश का दौर शुरू

9 नवंबर से 13 नवंबर तक तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला चलेगा। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी और कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। केरल में रविवार को भी यही हाल रहेगा। केरल-माहे क्षेत्र में 10 नवंबर तक गरज के साथ बिजली चमकने का खतरा बना हुआ है। अगर आप इन इलाकों में हैं तो छाता और रेनकोट साथ रखें।

उत्तर भारत में शीतलहर का कहर

पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 9 से 10 नवंबर तक शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहेगी। रात का पारा राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है, जो सामान्य से 4-7 डिग्री कम है।

दिल्ली, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर महाराष्ट्र और पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी रात का तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री कम दर्ज किया जा रहा है। अगले 6-7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में रात का पारा सामान्य से 2-5 डिग्री नीचे बना रहेगा। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की और गिरावट आ सकती है।

दिल्ली में इस सीजन की सबसे ठंडी रात

राष्ट्रीय राजधानी में ठंड ने जोरदार दस्तक दे दी है। IMD के मुताबिक दिल्ली का न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात है। ये सामान्य से 3.3 डिग्री कम है। ठंड की असली वजह हिमालय में ताजा बर्फबारी के बाद आ रही बर्फीली हवाएं हैं।

रात में आसमान बिल्कुल साफ रहने से रेडिएशन कूलिंग भी बढ़ गई। रविवार को सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। स्वेटर-जैकेट निकालने का टाइम आ गया है।

बंगाल में भी पारा लुढ़कने की तैयारी

पश्चिम बंगाल में अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री तक और गिरेगा क्योंकि पूरे राज्य में मौसम एकदम शुष्क रहेगा। रविवार सुबह उप-हिमालयी जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाएगा। अगले सात दिनों तक किसी भी जिले में बारिश की गुंजाइश नहीं है। कोलकाता में अभी न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री है, जो रविवार सुबह 20 डिग्री तक पहुंच सकता है। ठंड का मजा लेने के लिए परफेक्ट मौसम।

Leave a Comment