Ganesh Chaturthi Puran Poli Recipe : गणेश चतुर्थी का पर्व सिर्फ महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
दस दिनों में भक्त अपने प्रिय बप्पा के लिए तरह-तरह के भोग और प्रसाद तैयार करते हैं। इन्हीं में से एक बेहद लोकप्रिय और स्वादिष्ट विकल्प है पूरन पोली।
पूरन पोली एक पारंपरिक महाराष्ट्रीयन मिठाई है, जो गुड़ और चने की दाल से बनाई जाती है। यह स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ बनाने में भी आसान है। चलिए जानते हैं, घर पर स्वादिष्ट पूरन पोली बनाने की आसान विधि।
सामग्री
- 1 कप कद्दूकस किया हुआ गुड़
- 1 कप उबली हुई चना दाल
- 1½ कप आटा
- ½ कप मैदा
- ½ चम्मच हल्दी पाउडर
- घी (आवश्यकतानुसार)
- ½ चम्मच इलायची पाउडर
- ¼ चम्मच जायफल पाउडर
- नमक स्वादानुसार
विधि
आटा गूंधना: सबसे पहले आटा तैयार करें। आटे में मैदा, हल्दी, नमक और घी डालें और पानी की मदद से नरम आटा गूंधकर 30 मिनट के लिए ढककर रख दें।
दाल उबालना: चना दाल को धोकर 2 कप पानी के साथ कुकर में डालें और 4 सीटी आने तक उबालें। फिर पानी छान लें।
पूरन तैयार करना: उबली दाल में गुड़ डालकर धीमी आंच पर पकाएं। गुड़ पिघलने के बाद उसमें इलायची और जायफल पाउडर डालें और तब तक चलाते रहें जब तक मिश्रण गाढ़ा और सूखा न हो जाए। मिश्रण ठंडा होने पर छोटे-छोटे गोले बना लें।
पोली बेलना: आटे की छोटी लोई बनाएं और इसके बीच में पूरन का गोला रखें। हल्के हाथ से बेलकर गोल रोटी तैयार करें।
सेंकना: तवे पर घी लगाकर दोनों तरफ सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें।
सर्व करना: गरमागरम पूरन पोली पर घी डालकर सर्व करें। इसे दही या घी के साथ परोस सकते हैं।
टिप्स: अगर आप चाहें तो थोड़ी सी केसर या छोटी इलायची के टुकड़े डालकर स्वाद और भी बढ़ा सकते हैं।











