Dehradun News: स्वर्गीय जगमोहन सेठी की निडर और बेबाक पत्रकारिता को सम्मान देने के लिए उनके परिवार और उत्तरांचल प्रेस क्लब ने एक बड़ा ऐलान किया है।
अब हर साल ‘जगमोहन सेठी स्मृति संगोष्ठी और सम्मान समारोह’ का आयोजन होगा। इस समारोह में लोकतंत्र और समाज को मजबूत करने वाली निडर पत्रकारिता के लिए एक उत्कृष्ट पत्रकार को सम्मानित किया जाएगा। इसकी घोषणा प्रेस क्लब के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी ने एक खास समारोह में की।
इस मौके पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने सेठी जी के पत्रकारीय सिद्धांतों को याद किया। उनके परिवार ने एक सोसाइटी बनाई है, जिसके जरिए यह सम्मान हर साल दिया जाएगा। समारोह में कई वरिष्ठ पत्रकारों और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।
जगमोहन सेठी: सिर्फ पत्रकार नहीं, एक आंदोलनकारी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि सेठी जी की लेखनी उनकी सबसे बड़ी ताकत थी। उन्होंने कभी सत्ता या दबाव के सामने झुककर समझौता नहीं किया। राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने बताया कि सेठी जी की लेखनी इतनी धारदार थी कि लोग उनके अखबार ‘शिवालिक ब्लिट्ज़’ का बेसब्री से इंतजार करते थे।
वरिष्ठ पत्रकार जयसिंह रावत ने सेठी जी को एक आंदोलनकारी पत्रकार बताया, जिनकी कलम हमेशा अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ती थी। प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष नवीन थलेड़ी ने कहा कि सेठी जी अपने कनिष्ठ साथियों के लिए हमेशा एक मार्गदर्शक और सहयोगी रहे।
पत्रकारिता और वकालत: लोकतंत्र के दो मज़बूत खंभे
उत्तराखंड बार काउंसिल के अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने इस मौके पर पत्रकारिता और वकालत को लोकतंत्र के दो मज़बूत खंभे बताया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज बनता है, जबकि वकील उस सच को न्याय दिलाने का काम करता है।
दोनों ही पेशे समाजसेवा और जनहित की बड़ी जिम्मेदारी हैं। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने भी कहा कि सेठी जी की निडरता हमें सिखाती है कि हमें बिना डरे अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।
समाजसेवी आर्येंद्र शर्मा ने सेठी जी को एक आदर्श पिता बताया, जिन्होंने अपने बच्चों को सबसे बड़ी संपत्ति माना। उनके बड़े बेटे गिरीश सेठी असिस्टेंट प्रोफेसर हैं, जबकि छोटे बेटे योगेश सेठी एक मशहूर अधिवक्ता हैं।
इन दिग्गजों को मिला सम्मान
इस समारोह में प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट, वरिष्ठ पत्रकार जयसिंह रावत, नवीन थलेड़ी, अनुपम त्रिवेदी, ज्योत्सना, डी.एस. कुंवर, नरेंद्र सेठी, एस.पी. उनियाल, नीरज कोहली, डॉ. वी.डी. शर्मा, परितोष किमोठी, विनोद पुंडीर, राजेश शर्मा, बार काउंसिल अध्यक्ष राकेश गुप्ता, बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल और समाजसेवी आर्येंद्र शर्मा को सम्मानित किया गया।







