देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

देहरादून : सड़क पर ‘खूनी’ रेस, दो कारों की भिड़ंत में गई बेकसूर रिटायर्ड ब्रिगेडियर की जान

By Rajat Sharma

Updated on:

ओवरटेकिंग की सनक ने ली सेना के पूर्व अफसर की बलि, देहरादून में सरेआम चलीं गोलियां

देहरादून (ब्यूरो)। राजधानी के पॉश इलाके मसूरी रोड पर सोमवार सुबह रईसजादों की सड़क पर छिड़ी जंग ने एक बेकसूर पूर्व सैन्य अधिकारी की जान ले ली। मामूली ओवरटेकिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने बीच सड़क पर फायरिंग झोंक दी। यह सनसनीखेज वारदात राजपुर थाना क्षेत्र के मालसी के पास हुई, जहां सुबह की सैर पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई। उपचार के दौरान अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे देहरादून में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में पूरे जिले की घेराबंदी कर दी है।

ओवरटेकिंग की जिद और फिर खूनी खेल

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6:40 बजे एक दिल्ली नंबर की सफेद फॉर्च्यूनर और काली स्कॉर्पियो N के बीच पास देने को लेकर कहासुनी हुई। विवाद इतना गहराया कि दोनों गाड़ियों के बीच सड़क पर रेस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार युवक फॉर्च्यूनर का पीछा कर रहे थे। फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए स्कॉर्पियो सवारों ने चलती गाड़ी से उसके टायरों पर निशाना साधकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसी दौरान एक ‘स्ट्रे बुलेट’ (भटकी हुई गोली) वहां से गुजर रहे 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के सीने में जा धंसी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

 

 

पेड़ से टकराई फॉर्च्यूनर, फिर हुई मारपीट

फायरिंग के दौरान दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर अनियंत्रित हो गई। गाड़ी जोहड़ी गांव के पास राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। स्कॉर्पियो से उतरे युवकों ने फॉर्च्यूनर में सवार दो लोगों को बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा और उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। फॉर्च्यूनर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गए।

दून पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

वारदात की खबर मिलते ही एसएसपी देहरादून प्रमोद कुमार और अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह पूरी तरह से रोड रेज का मामला लग रहा है, जिसमें स्कॉर्पियो सवारों ने अवैध या लाइसेंसधारी हथियार का इस्तेमाल किया, जिसकी पुष्टि जांच के बाद होगी।

इलाके में दहशत, मंत्री ने जताया शोक

देहरादून का राजपुर रोड और मालसी इलाका अपनी शांति के लिए जाना जाता है। सुबह-सुबह हुई इस फायरिंग से स्थानीय निवासी सदमे में हैं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मैक्स अस्पताल पहुंचकर मृतक ब्रिगेडियर के परिजनों से मुलाकात की और शोक व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। सैन्य बहुल क्षेत्र होने के नाते इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment