दून की सड़कों पर निकलने से पहले पढ़ लें ये गाइडलाइन, भारी वाहनों और बसों के लिए नई एडवाइजरी
देहरादून (ब्यूरो)। राजधानी के जसवंत ग्राउंड गढ़ी कैंट में 14 अप्रैल 2026 को होने वाले वीवीआईपी कार्यक्रम और प्रस्तावित मानव श्रृंखला (Human Chain) को देखते हुए पुलिस ने शहर का पूरा ट्रैफिक प्लान बदल दिया है।
ट्रैफिक पुलिस ने शहर के भीतर और बाहरी इलाकों से आने वाले वाहनों के लिए सख्त डायवर्जन प्लान लागू किया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और सुचारू यातायात के बीच तालमेल बना रहे। अगर आप कल दून की सड़कों पर उतर रहे हैं, तो इन बदलावों को बारीकी से समझ लें।
कुमाऊं, हरिद्वार, ऋषिकेश, डोईवाला और धर्मपुर की ओर से आने वाली बसें आईएसबीटी से रिस्पना पुल होते हुए आराघर चौक, दर्शनलाल चौक, घंटाघर और बिंदाल पुल से होकर दून स्कूल तक पहुंचेंगी। यहां से बसें आकाश गंगा तिराहा की तरफ भेजी जाएंगी। चकराता, विकासनगर और सहसपुर की बसों को प्रेमनगर चौक से बल्लूपुर और बिंदाल पुल के रास्ते दून स्कूल होते हुए आकाश गंगा तिराहा भेजा जाएगा।
मसूरी और राजपुर क्षेत्र से आने वाली बसें मसूरी डायवर्जन से ग्रेट वैल्यू, दिलाराम चौक, हाथीबड़कला और एनेक्सी तिराहा से होते हुए सीएसडी तिराहा पहुंचेंगी। वहीं, थानों, रायपुर और सहस्त्रधारा रोड की बसें सर्वे चौक से दिलाराम चौक और हाथीबड़कला होकर एनेक्सी तिराहा जाएंगी। रुड़की और आशारोड़ी की ओर से आने वाली बसें जोगीवाला, रिस्पना, आराघर, सर्वे चौक और हाथीबड़कला होते हुए सीएसडी तिराहा तक का सफर तय करेंगी।
मानव श्रृंखला के दौरान सेंट ज्यूड चौक से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को शिमला बाईपास तिराहा से आईएसबीटी सर्विस लेन की ओर मोड़ दिया जाएगा। वैकल्पिक तौर पर ये वाहन कमला पैलेस, पटेलनगर मंडी, लालपुल और कार्गी चौक होकर भी जा सकते हैं। रिस्पना या कार्गी चौक से क्लेमनटाउन जाने वाले वाहन टर्नर रोड तिराहा से आईएसबीटी सर्विस लेन का इस्तेमाल करेंगे।
जीएमएस रोड से आईएसबीटी जाने वाले वाहनों को निरंजनपुर मंडी और लालपुल से कारगी चौक की ओर भेजा जाएगा। प्रिंस चौक और सहारनपुर चौक से आईएसबीटी जाने के लिए लालपुल-कार्गी चौक रूट का पालन करना होगा। प्रेमनगर से जीएमएस रोड जाने वालों को बल्लीवाला अंडरपास से कांवली रोड भेजा जाएगा, जबकि डोईवाला या रिस्पना जाने वाले वाहन बल्लूपुर फ्लाईओवर का उपयोग करेंगे।
देहरादून शहर से सहारनपुर, रुड़की या दिल्ली जाने वाले वाहन अब शिमला बाईपास तिराहा से नयागांव रोड, धर्मावाला चौक और बेहट होकर निकलेंगे। रिस्पना पुल से जोगीवाला और रायवाला होकर हरिद्वार जाने का विकल्प भी खुला रहेगा। दिल्ली और सहारनपुर से आने वाले वाहनों को छुटमलपुर से बेहट, धर्मावाला और प्रेमनगर की ओर डायवर्ट किया गया है।
चकराता मार्ग से दिल्ली या हरिद्वार जाने वाले वाहन हर्बटपुर और धर्मावाला चौक होकर गुजरेंगे। पुरकुल और जोहड़ी गांव से कैंट की ओर आने वाले वाहनों को मसूरी डायवर्जन से दिलाराम और घंटाघर की ओर भेजा जाएगा। सर्किट हाउस तिराहा से कैंट रोड की तरफ आने वाले वाहन हाथीबड़कला से दिलाराम चौक होकर निकल सकेंगे।
कैंट चौक से सीएसडी तिराहा जाने वाले वाहनों को डाकरा बाजार से एमएच के पास बने रोड कट से भेजा जाएगा। खास बात यह है कि कैंट से पोस्ट ऑफिस तिराहा तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। बिंदाल कट से सीएसडी तिराहा जाने वाले वाहन किशननगर चौक से कोलागढ़ चौक और कैंट के रास्ते डाकरा बाजार होकर जाएंगे। दिलाराम चौक से कैंट जाने वाले वाहनों को घंटाघर से बिंदाल की ओर डायवर्ट किया गया है।
पुलिस ने सेंट ज्यूड्स चौक, कारगी चौक, चौकी पंडितवाड़ी, लालपुल, बल्लीवाला अंडरपास, सर्किट हाउस तिराहा, पुरकुल कट, कैंट चौक, दून स्कूल तिराहा, पोस्ट ऑफिस तिराहा, सीएसडी तिराहा, एनेक्सी तिराहा और आईएसबीटी को मुख्य डायवर्जन पॉइंट बनाया है। इन पॉइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात विभाग ने जनता से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और अनावश्यक जाम से बचें।






