Stomach Cancer Symptoms : पेट का कैंसर, जिसे मेडिकल भाषा में गैस्ट्रिक कैंसर कहा जाता है, तब होता है जब पेट की लाइनिंग में असामान्य कोशिकाएं तेजी से बढ़ने लगती हैं।
यह कैंसर सिर्फ पेट तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि एसोफेगस (भोजन नली) और स्टमक से जुड़ी जगहों को भी प्रभावित कर सकता है।
अकसर इसकी शुरुआत चुपचाप होती है और शुरुआती दौर में मरीज को कोई बड़े लक्षण महसूस नहीं होते। यही वजह है कि समय रहते इसका पता लगाना मुश्किल हो जाता है।
लेकिन कुछ खास संकेत ऐसे हैं जो चेहरे और त्वचा पर दिखने लगते हैं और ये पेट के कैंसर की चेतावनी हो सकते हैं।
पेट का कैंसर कितने प्रकार का होता है?
डॉक्टर्स के अनुसार, स्टमक कैंसर कई तरह का होता है। इनमें शामिल हैं:
- प्राइमरी गैस्ट्रिक लिम्फोमा
- गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल स्ट्रोमल ट्यूमर
- न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर
हालांकि, करीब 90-95% मरीजों में पेट का कैंसर एडिनोकार्सिनोमा पाया जाता है।
त्वचा पर दिखने वाले खतरनाक लक्षण
गैस्ट्रिक कैंसर शरीर के अंदर ही नहीं, बल्कि त्वचा पर भी गंभीर असर डालता है। मेडिकल साइंस में इसे Ofuji’s Papuloerythroderma कहा जाता है।
चाइनीज जर्नल ऑफ कैंसर रिसर्च में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, इस बीमारी के लक्षण पूरे शरीर पर दिख सकते हैं लेकिन चेहरे पर सबसे पहले और सबसे ज्यादा नजर आते हैं।
इनमें शामिल हैं
- त्वचा पर छोटे-छोटे उभरे दाने
- चेहरे पर सूजन
- त्वचा का उखड़ना
- लगातार खुजली
पेट के कैंसर के अन्य लक्षण
सिर्फ चेहरे या त्वचा ही नहीं, बल्कि पेट के कैंसर में कई अन्य लक्षण भी दिखते हैं, जैसे:
लगातार मिचली और उल्टी (कई बार उल्टी में खून आना)
पेट में भारीपन, गैस और अपच
बहुत कम खाने पर भी पेट भरा-भरा महसूस होना
अगर आपके चेहरे या स्किन पर अचानक ऐसे लक्षण दिखने लगें और साथ ही पेट से जुड़ी ये समस्याएं भी हों, तो इन्हें नजरअंदाज न करें। तुरंत डॉक्टर से चेकअप करवाना जरूरी है, क्योंकि समय रहते पहचान होने पर इलाज आसान और सफल हो सकता है।











