EPFO New Rules : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने यूजर्स के लिए कुछ बड़े और जरूरी बदलाव किए हैं, जिससे अब आधार को यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से जोड़ना और पर्सनल डिटेल्स में बदलाव करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। नए नियमों का मकसद है प्रोविडेंट फंड (Provident Fund) की सेवाओं को तेज करना, कागजी कार्रवाई को कम करना और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना।
सबसे खास बात ये है कि अब मृतक कर्मचारियों के नाबालिग बच्चों को गार्जियनशिप सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं होगी। साथ ही, उनका बैंक खाता खोलने में भी EPFO (Employees’ Provident Fund Organisation) पूरी मदद करेगा, ताकि पैसा सीधे उनके खाते में ट्रांसफर हो सके। आइए, आपको बताते हैं कि EPFO ने किन-किन नियमों में बदलाव किए हैं और ये आपके लिए कैसे फायदेमंद होंगे।
आधार और UAN को आसानी से लिंक करें
डिटेल्स मैच होने पर तुरंत लिंकिंग
अगर आपके आधार और UAN रिकॉर्ड में नाम, लिंग और जन्मतिथि एकदम सही मिलते हैं, तो अब आप सीधे अपने नियोक्ता (Employer) से संपर्क कर सकते हैं। नियोक्ता अब इंप्लॉयर पोर्टल (Employer Portal) पर KYC फंक्शन के जरिए आधार सीडिंग (Aadhaar Seeding) को पूरा कर सकते हैं। खास बात ये है कि इस प्रक्रिया के लिए अब EPFO से किसी अतिरिक्त अनुमोदन की जरूरत नहीं होगी। इससे समय की बचत होगी और आपका काम तेजी से होगा।
मिसमैच होने पर आसान ज्वाइंट डिक्लेरेशन
कई बार आधार और UAN की डिटेल्स में अंतर होता है या गलत आधार नंबर लिंक हो जाता है। ऐसे मामलों के लिए EPFO ने ज्वाइंट डिक्लेरेशन (Joint Declaration) सिस्टम को और सरल कर दिया है। नियोक्ता अब ऑनलाइन ज्वाइंट डिक्लेरेशन रिक्वेस्ट सब्मिट करके नाम, लिंग या जन्मतिथि जैसी जानकारी को ठीक कर सकते हैं।
अगर आपकी कंपनी बंद हो गई है या नियोक्ता उपलब्ध नहीं है, तो आप फिजिकल ज्वाइंट डिक्लेरेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसे जनसंपर्क अधिकारी (PRO) काउंटर पर जमा करना होगा, जहां अधिकृत अधिकारी इसे सत्यापित करके प्रोसेस करेंगे। लेकिन ध्यान रहे, पहले से सत्यापित आधार डिटेल्स में बदलाव को मंजूरी नहीं दी जाएगी।
नाबालिग बच्चों को मिलेगी बड़ी राहत
गार्जियनशिप सर्टिफिकेट की जरूरत खत्म
EPFO ने मृतक कर्मचारियों के नाबालिग बच्चों के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब उनके क्लेम सेटलमेंट के लिए गार्जियनशिप सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं होगी। इससे नाबालिग बेनिफिशियरीज को समय पर पैसा मिलना आसान हो जाएगा।
डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर
अब एकमुश्त सेटलमेंट और पेंशन की राशि सीधे नाबालिग बच्चे के बैंक खाते में जमा की जाएगी। EPFO ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दावेदारों की मदद करें और नाबालिगों के लिए बैंक खाता खोलने में सहायता करें। इससे भुगतान में देरी या परेशानी की समस्या खत्म हो जाएगी।
ऑनलाइन आधार को UAN से कैसे जोड़ें?
आप सरकार के UMANG मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करके आसानी से अपने आधार को UAN से लिंक कर सकते हैं। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें:
- UMANG ऐप खोलें और MPIN या OTP के जरिए लॉग इन करें।
- “सर्विस” टैब पर जाएं और “EPFO” ऑप्शन चुनें।
- “e-KYC सर्विस” पर क्लिक करें और फिर “आधार सीडिंग” चुनें।
- अपना UAN नंबर डालें और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को वेरिफाई करें।
- अपनी आधार डिटेल्स डालें और आधार से जुड़े मोबाइल नंबर या ईमेल पर आए OTP को सत्यापित करें।
- वेरिफिकेशन पूरा होने पर आपका आधार UAN से लिंक हो जाएगा।
हालांकि, शुरुआती लिंकिंग कुछ मिनटों में हो सकती है, लेकिन अधिकारियों द्वारा सत्यापन और मंजूरी में 15 दिन तक लग सकते हैं। आमतौर पर, ये प्रक्रिया 3-5 दिनों में पूरी हो जाती है।











