CM Dhami: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार सुबह भराड़ीसैंण में मॉर्निंग वॉक के दौरान जनता से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आजीविका मिशन समूह की महिलाओं से मुलाकात की।
सीएम ने इन महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने योजनाओं के लाभ और उनके लागू होने की प्रक्रिया पर खुलकर चर्चा की, जिससे जनता में उत्साह देखने को मिला।
मानसून सत्र की तैयारियां पूरी, धारा 163 लागू
मुख्यमंत्री धामी सोमवार को ही भराड़ीसैंण-गैरसैंण पहुंच गए थे, क्योंकि मंगलवार से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। इस सत्र को सुचारू और शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सत्र के दौरान धारा 163 लागू कर दी गई है, जो 22 अगस्त की शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगी। यह कदम सत्र को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए उठाया गया है, ताकि कोई भी अव्यवस्था न हो।
सत्र के दौरान सख्त नियम, प्रदर्शन पर रोक
उपजिलाधिकारी और परगना मजिस्ट्रेट गैरसैंण सोहन सिंह रांगड़ ने आदेश जारी कर विधानसभा सत्र के दौरान कड़े नियम लागू किए हैं। विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन, जुलूस, नारेबाजी, बिना अनुमति सभा, सुरक्षा बैरियर तोड़ने, लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग, हथियार लाने, उत्तेजक भाषण देने, पोस्टर-बैनर लगाने या सोशल मीडिया के जरिए अफवाह और भड़काऊ संदेश फैलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का कहना है कि यह कदम सत्र की शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है।







