पब्लिक प्लेस पर गुंडागर्दी पड़ी भारी, दून पुलिस के एक्शन से बदमाशों में हड़कंप
देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सार्वजनिक स्थान पर एक युवक के साथ सरेराह मारपीट और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल की सख्त हिदायत के बाद हरकत में आई पटेलनगर पुलिस ने घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, देहरखास स्थित देवऋषि एनक्लेव के रहने वाले अंकज पुत्र लाल सिंह ने 8 अक्टूबर को कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित का आरोप है कि 7 अक्टूबर की शाम प्रज्जवल, आदित्य गर्ग, आयुष पंडित और तुषार ने अपने 15-20 अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे रास्ते में घेर लिया। इन युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर न सिर्फ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उसकी चांदी की चैन और जेब में रखे 8,000 रुपये भी जबरन छीन लिए।
पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर पटेलनगर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 191(2) और 309(6) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 738/26 पंजीकृत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।
पटेलनगर पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके से ही दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय आदित्य गर्ग (पुत्र संजय गर्ग, निवासी शिव मंदिर के पास, ब्रह्मपुरी निरंजनपुर) और 19 वर्षीय प्रज्जवल दीक्षित (पुत्र बॉबी दीक्षित, निवासी अनुपम विहार, न्यू पटेलनगर) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में मामला पुरानी आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में शामिल अन्य नामजद अभियुक्तों और 15-20 अज्ञात लड़कों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






