देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

UPL में मसूरी क्वींस का दबदबा, बारिश से बाधित मैच में दर्ज की धमाकेदार जीत

By Rajat Sharma

Published on:

बारिश भी नहीं रोक सकी मसूरी क्वींस की रफ्तार, डकवर्थ-लुईस से मुकाबले में मारी बाजी

देहरादून, 21 सितंबर। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (Uttarakhand Premier League) के रोमांचक मुकाबले में मसूरी क्वींस ने बारिश के खलल के बावजूद अपनी रणनीति के दम पर आसान जीत हासिल की। खराब मौसम के कारण खेल रुकने के बाद जब दोबारा मुकाबला शुरू हुआ, तो मसूरी क्वींस को डकवर्थ-लुईस (DLS) पद्धति के तहत 11 ओवरों में 62 रनों का नया लक्ष्य दिया गया था।

मैदान पर उतरते ही टीम की सलामी बल्लेबाज आरती भंडारी ने जिम्मेदारी संभाली। मुश्किल परिस्थितियों में समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए आरती ने 41 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए। दूसरी ओर कप्तान नंदिनी कश्यप ने 26 रनों की अहम और उपयोगी पारी खेलकर उनका पूरा साथ दिया। दोनों की बदौलत मसूरी क्वींस ने केवल 9 ओवरों में महज 1 विकेट गंवाकर 62 रन बनाते हुए मुकाबले को अपने नाम कर लिया। मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए आरती भंडारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड मिला।

पिच की नमी और सीधे बल्ले का फॉर्मूला

मुकाबले के बाद टीम की रणनीति पर बात करते हुए कप्तान नंदिनी कश्यप ने बताया कि बारिश के चलते मैदान में नमी थी और गेंद काफी नीची रह रही थी। ऐसे में कोच और उन्होंने मिलकर सिर्फ सीधे बल्ले से शॉट खेलने की योजना बनाई थी।

आरती ने इस रणनीति पर पूरी तरह अमल किया। नंदिनी के मुताबिक, टीम हर विरोधी के खिलाफ अलग रणनीति के साथ उतर रही है और फ्लडलाइट्स में खेला जा रहा UPL अनकैप्ड महिला खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता साबित करने का बेहतरीन मंच है। इस जीत के साथ मसूरी क्वींस का आत्मविश्वास अंक तालिका में आगे बढ़ने के लिए और मजबूत हुआ है।

Advertisement

Leave a Comment