देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

Devendra Fadnavis का कांग्रेस पर निशाना, कहा– बिना सबूत आरोपों से होगी हार

By Rajat Sharma

Published on:


Devendra Fadnavis : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव आयोग या कोर्ट में बिना कोई सबूत दिए वोट चोरी और चुनावी गड़बड़ियों के आरोप लगाने से कांग्रेस को आने वाले हर चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ेगा।

बिहार चुनाव में कांग्रेस की बुरी तरह हार पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने ये बातें कही। बिहार की 243 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस सिर्फ 6 सीटें ही जीत पाई।

कांग्रेस को जनता से जुड़ना होगा, नहीं तो हार तय

छत्रपति संभाजीनगर जिले के चिखलथाना में एक कार्यक्रम के दौरान फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस अपनी सियासी किस्मत बदलना चाहती है तो जनता से दोबारा जुड़े और उनके मुद्दों को ईमानदारी से उठाए। मुख्यमंत्री ने तंज कसा कि कांग्रेस वोट चोरी और ईवीएम जैसे मुद्दे तो खूब उछालती है, लेकिन जब कोर्ट या चुनाव आयोग सबूत मांगता है, तो उनके पास कुछ नहीं होता।

फडणवीस ने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस वाले अपना रवैया नहीं सुधारेंगे, तो आने वाले लोकल चुनावों में भी उन्हें ऐसी ही शर्मनाक हार मिलेगी। उन्होंने सलाह दी कि निराधार आरोप लगाना तुरंत बंद करो।

भाजपा कार्यालय का उद्घाटन, मोदी पर भरोसा कायम

इस मौके पर फडणवीस ने रावसाहेब दानवे, मंत्री अतुल सावे, पंकजा मुंडे, मेघना बोर्डिकर और सांसद भागवत कराड की मौजूदगी में भाजपा के नए क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया। बिहार चुनाव में एनडीए की धमाकेदार जीत पर उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा भरोसा करता है और जनता विपक्ष के झूठे नैरेटिव का मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

Leave a Comment