देश विदेश क्राइम उत्तराखंड मनोरंजन बिज़नेस ऑटो टेक्नोलॉजी खेल धर्म हेल्थ लाइफस्टाइल ई - पेपर

GST 2.0 का बड़ा असर – छोटी कारों पर जमकर हुई बुकिंग, पहले ही दिन टूटे रिकॉर्ड

By Rajat Sharma

Updated on:


GST 2.0 : देश में नया GST 2.0 लागू हो चुका है और इसके साथ ही ऑटोमोबाइल सेक्टर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। जहां अगस्त के फेस्टिव सीजन में कार कंपनियों को बिक्री में गिरावट का सामना करना पड़ा था, वहीं अब नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही उन्हें रिकॉर्ड बुकिंग मिल रही है।

खास बात ये है कि GST 2.0 लागू होने के पहले ही दिन, यानी 22 सितंबर को, कार कंपनियों को छप्पर फाड़ बुकिंग मिली। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड को पहले दिन ही 80,000 से ज्यादा ग्राहकों की पूछताछ मिली।

मोदी सरकार ने छोटी कारों पर GST को 28% से घटाकर 18% कर दिया है, जिसका सीधा फायदा ग्राहकों को मिल रहा है। मारुति सुजुकी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग और सेल्स) पार्थो बनर्जी ने बताया, “GST कम होने के बाद ग्राहकों का रिस्पॉन्स गजब का रहा है। पिछले 35 सालों में हमने ऐसा उत्साह नहीं देखा।

22 सितंबर को पहले दिन ही हमें 80,000 पूछताछ मिलीं और 25,000 से ज्यादा कारों की डिलीवरी हो चुकी है। जल्द ही 30,000 और कारें डिलीवर होने वाली हैं।” उन्होंने आगे कहा, “छोटी कारों की डिमांड में जबरदस्त उछाल आया है। बुकिंग में करीब 50% की बढ़ोतरी हुई है। ग्राहकों की पूछताछ इतनी ज्यादा है कि कुछ वैरिएंट का स्टॉक भी खत्म हो सकता है।”

मारुति सुजुकी ने मचाया धमाल

18 सितंबर से जब मारुति सुजुकी ने GST कटौती के साथ-साथ कीमतों में अतिरिक्त छूट की घोषणा की, तब से कंपनी को 75,000 बुकिंग मिल चुकी हैं। यानी हर दिन औसतन 15,000 बुकिंग, जो सामान्य से 50% ज्यादा है।

कंपनी की डीलरशिप्स पर ग्राहकों की भीड़ इतनी है कि देर रात तक बुकिंग और डिलीवरी का काम चल रहा है। खास बात ये है कि मारुति सुजुकी की S-Presso अब देश की सबसे सस्ती एंट्री-लेवल कार बन गई है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत मात्र 3.50 लाख रुपये है।

हुंडई और टाटा मोटर्स भी रेस में

हुंडई मोटर इंडिया के होलटाइम डायरेक्टर और COO तरुण गर्ग ने कहा कि GST 2.0 के सुधारों और नवरात्रि की शुरुआत ने बाजार में जबरदस्त जोश भर दिया है। उन्होंने बताया, “पहले दिन ही हुंडई ने 11,000 डीलर बिलिंग दर्ज की, जो पिछले 5 सालों में हमारा सबसे शानदार सिंगल-डे प्रदर्शन है। ये फेस्टिव सीजन में ग्राहकों के भरोसे का सबूत है। हमें उम्मीद है कि इस सीजन में डिमांड और बढ़ेगी।”

इसी तरह, टाटा मोटर्स के लिए भी नवरात्रि की शुरुआत धमाकेदार रही। GST कम होने के पहले दिन कंपनी ने 10,000 कारों की डिलीवरी की और 25,000 से ज्यादा ग्राहकों ने पूछताछ की। जुलाई 2017 में GST लागू होने के बाद यह टैक्स व्यवस्था में पहला बड़ा बदलाव है, जिसका सबसे ज्यादा फायदा छोटी कार खरीदने वालों को मिल रहा है।

छोटी और लग्जरी कारों पर GST 2.0 की शर्तें

छोटी पेट्रोल और पेट्रोल हाइब्रिड कारों पर अब सिर्फ 18% GST लगेगा। CNG और LPG कारों पर भी यही टैक्स लागू है। लेकिन इसके लिए शर्त ये है कि पेट्रोल और CNG कारों में इंजन 1200cc से ज्यादा का नहीं होना चाहिए और कार की लंबाई 4 मीटर से अधिक नहीं होनी चाहिए। डीजल और डीजल हाइब्रिड कारों पर भी अब 28% की जगह 18% GST लगेगा, बशर्ते इंजन 1500cc तक हो और लंबाई 4 मीटर से ज्यादा न हो।

वहीं, लग्जरी और मिड-साइज कारों पर अब 40% GST लगेगा। सरकार ने इन्हें लग्जरी आइटम मानकर 40% टैक्स स्लैब में रखा है। 1200cc से बड़ी पेट्रोल कारें और 1500cc से ज्यादा पावर वाली डीजल कारें इस दायरे में आएंगी। यूटीलिटी व्हीकल (UV), SUV, MUV, MPV और क्रॉसओवर यूटीलिटी व्हीकल (XUV) पर भी 40% GST देना होगा। जिन गाड़ियों का ग्राउंड क्लीयरेंस 170mm से ज्यादा है, वे भी इसी श्रेणी में आएंगी।

लग्जरी कारों पर भी राहत

लग्जरी और बड़ी कारों पर अब 40% टैक्स लगेगा, जो पुराने स्लैब की तुलना में कम है। पहले लग्जरी कारों पर 28% GST के साथ 22% सेस लगता था, यानी कुल 50% टैक्स देना पड़ता था। अब नए GST 2.0 में सेस को पूरी तरह हटा दिया गया है और टैक्स को 40% कर दिया गया है। यानी ग्राहकों को 10% टैक्स की बचत हुई है।

Leave a Comment