एक देश एक संकल्प गौमाता हो राष्ट्रमाता: गोपालमणि

देहरादून। गौ कृपालुकांक्षी संत गोपाल मणि महाराज ने कहा है कि देश को गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने के लिए संकल्प बद्ध होना होगा। गौ को उचित सम्मान दिलाकर ही कल्याण हो सकता है। रेसकोर्स स्थित गुरु नानक इंटर कॉलेज प्रांगण में गौमाता राष्ट्रमाता के संकल्प के साथ चल रहे गौ प्रतिष्ठा महोत्सव पर गोपाल मणि महाराज ने कहा कि सिर्फ एक ही संकल्प भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए काफी है। गौ माता की विशेषताओं का वर्णन विज्ञान में भी सिद्ध है, पौराणिक ग्रंथों में गौ माता के बारे में हजारों सालों से कहा ही जा रहा है।
भारत में गौ माता को उचित स्थान दिलाने का संकल्प हर परिवार को लेना चाहिए। कथा स्थल पर 31 से अधिक व्यास व आचार्यों द्वारा मूलपाठ किया जा रहा है, साथ ही 21 यज्ञाचार्यों द्वारा महायज्ञ किया जा रहा है। गौ महोत्सव 25 अगस्त तक चलेगा। प्रवक्ता डॉ.रामभूषण बिजल्वाण ने बताया कि गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने के उदेश्य से 20 नवंबर गोपाष्टमी के अवसर पर रामलीला मैदान दिल्ली में विशाल रैली होने जा रही है।
सांयकालीन बेला में गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, पद्मश्री डॉ. प्रीतम भरतवाण सांस्कृतिक समा बाधेंगे। जिसके लिए गौ भक्त तैयारियों में जुटे हुए हैं। मौके पर कुलानंद नौटियाल, बलबीर सिंह पंवार, बृजलाल रतूड़ी, रविन्द्र राणा, घनश्याम नेगी, मदन प्रसाद देवली, आचार्य राकेश सेमवाल, सुभाष सकलानी, सूरतराम डंगवाल, सुशील गौड़ मौजूद रहे।