नगर निगम: सफाई यूजर चार्ज कलेक्शन में घपला, विपक्ष ने उठाए सवाल

देहरादून। नगर निगम के वार्डों में कूड़ा उठान के बदले वसूले जा रहे सफाई यूजर चार्ज कलेक्शन में एक बार फिर गड़बड़ी की शिकायत मिली है। रोक के कंपनी के कर्मचारियों द्वारा लोगों से शुल्क वसूला जा रहा है, लेकिन बदले में रसीद नहीं दी जा रही। इससे निगम को हर महीने लाखों रुपये की चपत रही है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष डॉ विजेंद्र पाल सिंह ने सोमवार को नगर आयुक्त मनुज गोयल से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वार्डों में प्रतिमाह घरों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से कूड़ा उठाने के बदले सफाई यूजर चार्ज लिया जा रहा है। लेकिन मांगने पर भी लोगों को रसीद नहीं दी जा रही।
उन्होंने कहा कि पहले हर महीने पंद्रह से बीस लाख रुपये यूजर चार्ज कलेक्शन निगम के खाते में जमा हो रहा था। लेकिन करीब छह माह से ठीक से कलेक्शन नहीं हो रहा। बीते दिनों भी निगम प्रबंधन ने कलेक्शन करने के लिए प्रयोग की जा रही फर्जी रसीदें पकड़ी थी, लेकिन अब तक किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। पार्षद अजय सिंघल ने कहा कि कलेक्शन के काम में पारदर्शिता लाई जाए। ताकि निगम की छवि धुमिल नहीं हो। नगर आयुक्त ने जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
पीओएस मशीनों से नहीं हो रहा कलेक्शन: नगर निगम ने सफाई यूजर चार्ज कलेक्शन के लिए पहले चरण में दस पीओएस मशीनें ली हैं। लेकिन इनके माध्यम से कलेक्शन नहीं करने को लेकर भी पार्षदों ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आखिर निगम प्रबंधन यूजर चार्ज के बदले पीओएस मशीन से पर्ची काटकर क्यों नहीं दे रहा।
कंपनी से जवाब तलब, लगाया जुर्माना
स्वास्थ्य अनुभाग ने अधिकृत नहीं होने के बावजूद यूजर चार्ज कलेक्शन के मामले नोटिस जारी कर वाटरग्रेस इकॉन सनलाइट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जवाब मांगा है। कंपनी से पूछा गया है कि आखिर उसके कर्मचारी किस आधार पर यूजर चार्ज वसूल रहे हैं।