कांग्रेसियों का नगर-निगम में प्रदर्शन

कांग्रेसियों का नगर-निगम में प्रदर्शन
कांग्रेसियों का नगर-निगम में प्रदर्शन

देहरादून। आमवाला तरला में बस्ती हटाने की बात होने पर कांग्रेसियों का गुस्सा नगर निगम पर उतर गया। कांग्रेस कार्यकर्ता बस्ती के लोगों के साथ नगर निगम में पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर आयुक्त को घेरकर कहा कि सालों पहले बसी बस्ती को क्यों हटाने की बात की जा रही है। उधर नगर आयुक्त ने साफ कर दिया कि नगर निगम की तरफ से कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस मसले पर प्रशासन के आगे अपना पक्ष रखे। आमवाला तरला वार्ड में एक बस्ती को नगर निगम की ओर से तोडऩे की बात की चर्चा हुई तो कांग्रेसियों ने मोर्चा संभाल लिया। बुधवार को पूर्व विधायक व अनुसूचित जाति जन जाति प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस राजकुमार की अगुवाई में कार्यकर्ता व बस्ती के लोग नगर निगम में पहुंचे और विरोध दर्ज किया। नगर निगम में नारेबाजी करने के बाद कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त से मिले। पूर्व विधायक राजकुमार ने बताया कि नगर निगम की ओर से तरला आमवाला में बस्ती तोडऩे की बात कही जा रही है। इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत है। इस बस्ती में तमाम लोग सालों से रह रहे हैं। इनके पास पानी, बिजली के बिल हैं। इसके बावजूद ऐसा क्यों हो रहा है। पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि गरीब तबके के लोगों को परेशान करना ठीक नहीं है। इस पर नगर आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि फिलहाल नगर निगम की तरफ से कुछ नहीं किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने निगम की तरफ से स्थिति साफ करने के लिए मौके पर भूमि अधीक्षक विनय प्रताप सिंह को बुलाया। पूछा कि क्या नगर निगम की टीम तरला आमवाला में बस्ती हटाने की चेतावनी देकर आयी थी। इस पर भूमि अधीक्षक ने साफ कर दिया कि निगम की कोई भी टीम बस्ती में नहीं गई थी और न ही कोई कार्रवाई निगम कर रहा है। ऐसे में नगर आयुक्त ने कहा कि इस मसले पर प्रशासन से बातचीत करिए। निगम कुछ नहीं कर रहा है। मौके पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पार्षद डा. विजेंद्र पॉल, जगदीश धीमान, पार्षद निखिल कुमार, देविका रानी, अजुर्न सोनकर, अमीचंद्र, नागेश रतूड़ी, पूर्व पार्षद रीता रानी, देवेंद्र कौर, सोम वाल्मीकि, लेखराज, ऊषा रानी, राजेश चौधरी, जय शंकर थपलियाल आदि मौजूद रहे।

Share this story