कांग्रेसियों ने किया स्मार्ट सिटी दफ्तर पर प्रदर्शन

देहरादून। महानगर कांग्रेस ने स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों में देरी और बारिश में शहरवासियों को हो रही परेशानी को प्रदर्शन किया। राजेंद्रनगर स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। साथ ही चेताया कि जनसमस्याओं का शीघ्र निस्तारण नहीं होने पर वह शहरी विकास मंत्री का घेराव करेंगे। गुरुवार को महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता स्मार्ट सिटी सीईओ दफ्तर पहुंचे। यहां काफी देर तक नारेबाजी की। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के सभी काम 30 जून तक पूरे होने थे, ऐसा नहीं करने पर कार्यदायी संस्थाओं पर जुर्माना लगाने की बात कही गई थी।
लेकिन अभी भी शहर में तमाम परियोजनाओं के काम आधे-अधूरे पड़े हैं। बारिश में जगह-जगह कीचड़ जमा हो रहा है। लोग गड्ढों गिरकर चोटिल हो रहे हैं। नालियों का काम बरसात से पहले होना था, लेकिन काम अभी अधूरा है। पलटन बाजार और परेड ग्राउंड में भी काम अधूरे पड़े हैं। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए पूछा कि स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की स्थिति की सूचना सार्वजनिक करने, जोखिम वाले स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। परेड ग्राउंड और उसके आसपास किए गए स्मार्ट सिटी कार्यों का ऑडिट करने, ईसी रोड का काम जल्द पूरा करने के साथ ही सड़कों के गड्ढे भरने की मांग की।
प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव मनीष नागपाल, विजय कुमार सोनू, अरविंद गुरुग, उर्मिला थापा, इलियास अंसारी, संगीता गुप्ता, मुकीम अहमद, सूरत छेत्री, मोहन जोशी, विक्की नायक, अमित अरोड़ा, लकी राणा, अमित खन्ना, अजीत शर्मा, मोहम्मद शाहिद, प्रमोद गुप्ता, गोपाल सिंह गढ़िया, जगदीश धीमान, अभिषेक तिवारी, सुनील जयसवाल, राजेश पुंडीर, मंजू त्रिपाठी, रईस अहमद, सरदार हरजीत सिंह, विजय भट्टराई, अरुण बलूनी, अनुराग गुप्ता, अशोक वर्मा, आफताब अहमद, रामबाबू, दिनेश कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।