सौंदर्यीकरण से स्मृति वन को नई पहचान मिलेगी

ऋषिकेश। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रमेश रावत ने कहा कि सौंदर्यीकरण से स्मृति वन को नई पहचान मिलेगी। इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। इस दौरान उन्होंने यहां पार्क में दो बेंच स्थापित कराए। लालपानी वनबीट के अंतर्गत हरिद्वार बाईपास मार्ग पर अठूर भागीरथी स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित स्मृति वन का नगर निगम सहायक आयुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्मृति वन के रखरखाव पर जिला गंगा सुरक्षा समिति के नामित सदस्य और स्मृति वन के संचालक समूह अध्यक्ष विनोद जुगलान के साथ चर्चा की।
नगर निगम की ओर से स्मृति वन के पार्क में दो बेंच स्थापित किए गए। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि उक्त बेंच मैटेरियल रिकवरी फैसेलिटी सेंटर, नगर निगम ऋषिकेश की ओर से अपसायिकीलिंग प्लास्टिक से तैयार किए गए हैं। नामित सदस्य जुगलान ने बताया कि मानसून सत्र में स्थानीय महिला समूहों द्वारा यहां स्मृतिवन की सीमा पर फूलों के पौधे रोपित किया जाना भी प्रस्तावित है।
मौके पर वन विभाग के अनुभाग अधिकारी वन दारोगा एसडी कंडवाल, वनबीट अधिकारी राजेश बहुगुणा, वनबीट सहायक देवेंद्र सिंह, अवर अभियन्ता नगर निगम विनोद पुरोहित, सुरक्षाकर्मी राहुल सिलस्वाल, राघव शर्मा आदि मौजूद रहे।