भाजपा नेताओं के दवाब में काम कर रही है पुलिस : माहरा

भाजपा नेताओं के दवाब में काम कर रही है पुलिस : माहरा

देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पुलिस पर भाजपा नेताओं के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। माहरा के मुताबिक भाजपा नेता कानून अपने हाथ ले रहे हैं, लेकिन पुलिस उल्टा पीड़ित पर ही मुकदमा दर्ज कर रही है।

बुधवार को कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में माहरा ने कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा नेता पुलिस की आड़ में लोगों का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने अंसल ग्रीन वैली का उदाहरण देते हुए कहा कि इस सोसायटी के सचिव प्रवीण भारद्धाज के घर पर भाजपा पार्षदों ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ जमीन कब्जाने के लिए हमला किया। इसमें एक मंत्री की शह है, उन्होंने कहा कि सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस इस मामले में मूकदर्शक रही। घटना के वीडियो वायरल होने के बाद, पुलिस ने समझौता कराने के लिए उल्टा पीड़ित पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया।

इससे पूर्व विजय वात्सल्य हत्याकांड में भी भाजपा महिला मोर्चा की एक पदाधिकारी के दबाव में पुलिस ने 44 दिन तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। भाजपा महिला नेता एक संस्था की अध्यक्ष जिसमें मृतक विजय वात्सल्य की पत्नी भी सदस्य है। उन्होंने कहा कि विजय के परिजन, बहू पर ही आरोप लगा रहे हैं। इसी तरह 15 फरवरी को झाझरा में तेजेंद्र सिंह पर जानलेवा हमला किया गया, जिसकी रिपोर्ट 25 फरवरी को दर्ज हो पाई, इसमें भी पुलिस ने उल्टा पीड़ित पर ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया। माहरा ने कहा कि इससे साफ है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। मुख्यमंत्री प्रदेश भर में दौरा कर रहे हैं, लेकिन देहरादून में कानून व्यवस्था पर उनकी नजर नहीं है।

Share this story