सुपरहिट हुई वंदे भारत, छह दिन में कमाए 2.70 करोड़; 14 मई तक 'हाउसफुल'

नई दिल्ली (आरएनएस)। भारतीय रेल की तरफ से सुदूर दक्षिण राज्य केरल में हाई स्पीड ट्रेन की सेवा शुरू करने के बाद सिर्फ छह दिनों में वंदे भारत एक्सप्रेस ने 2 करोड़ 70 लाख रुपये की कमाई कर ली है। कासरगोड से तिरुवनंतपुरम के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन ने टिकटों के मामले में सबसे अधिक कमाई की है। वंदे भारत एक्सप्रेस ने 28 अप्रैल से 3 मई के बीच चलने के दौरान बंपर कमाई करते हुए रेलवे के लिए करोड़ों रुपये बटोरे हैं।
छह दिनों में हुई इतनी कमाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिखाई गई हरी झंडी के बाद इस ट्रेन को लोगों ने हाथों-हाथ लिया है। वंदे भारत एक्सप्रेस ने 28 अप्रैल को तिरुवनंतपुरम-कासरगोड सेवा के लिए 19.5 लाख बटोरे। वहीं 29 अप्रैल को 20.30 लाख, 30 अप्रैल को 20.50 लाख, 1 मई को 20.1 लाख, 2 मई को 18.2 लाख और 3 मई को 18 लाख रुपये रेलवे के खजाने में भर दिए। साउथ के राज्यों के चलने वाली वंदे भारत ट्रेनों की तुलना में केलर में चलने वाली हाई स्पीड ट्रेन 'सोने' के समान है। तिरुवनंतपुरम से कासरगोड तक की सेवा के लिए औसत टिकट कलेक्शन 18 लाख रुपये है। इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस में 27,000 लोगों ने सफर किया और 31,412 बुकिंग की जा चुकी है।
लोग प्रेफर कर रहे एग्जीक्यूटिव क्लास
हालांकि किराया अधिक है फिर भी अधिक यात्रियों ने एग्जीक्यूटिव क्लास को प्रेफर किया। 14 मई तक के सभी टिकट पहले ही बिक चुके हैं। हालांकि, ऐसा भी बताया जा रहा है कि इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन अपने अपेक्षित गति से नहीं चल रही है और अन्य ट्रेनों को क्रॉस कराने के लिए वंदे भारत रुकी हुई नजर आई। लेकिन रेलवे ने जवाब दिया कि वंदे भारत ट्रेन को लेकर शेड्यूल का पालन किया जा रहा है।
क्यों हुई इतनी कमाई?
वंदे भारत से हुए टिकट कलेक्शन इस बात की तरफ इशारा करता है कि यह ट्रेन केरल में पूरी तरह से 'हिट' है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि लोग पर्यटन के लिहाज से केरल आते हैं और अलग-अलग जगहों पर जाने के लिए इस ट्रेन को प्रेफर कर रहे हैं। वंदे भारत ट्रेन कम समय में गंतव्य तक पहुंचने के साथ एक आरामदायक यात्रा भी मुहैया कराती, जो हवाई यात्राओं में भी नसीब हो पाता है।
'9 साल पहले घुटने टेक कर चलने वाला भारत था', जेपी नड्डा के बयान पर अरविंद केजरीवाल ने ऐसे दिया जवाब
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा कर्नाटक की चुनावी रैली में दिए गए भाषण की तीखी आलोचना की है। नड्डा ने कल अपने भाषण में कहा था कि "नौ साल पहले भारत घुटने के बल चलता था।" कर्नाटक में 10 मई को मतदान होगा और वोटों की गिनती 13 मई को होगी।
अरविंद केजरीवाल ने नड्डा के बयान वाले इस वीडियो के साथ रीट्वीट करते हुए लिखा, ''भाजपा अध्यक्ष का ये बयान बेहद ही घटिया और हर भारतीय को अपमानित करने वाला है। मेरा भारत देश महान था, महान है और हमेशा महान रहेगा।''
कर्नाटक के कुप्पल जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के आधे नेता जेल में हैं जबकि आधे जमानत पर हैं और वे भ्रष्टाचार की बात कर रहे हैं। नड्डा ने कहा, "नौ साल पहले कैसा भारत था? भ्रष्टाचार के नाम से जाना जाने वाला भारत था। कैसा भारत था? फैसला नहीं लेने वाला भारत था। कैसा भारत था? घुटने टेक कर चलने वाला भारत था, और आप जब आपने मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया तो दुनिया में सिक्का जमाने वाला भारत बन गया।"
उन्होंने आगे कहा, "छलांग लगाने वाला भारत। विकसित होने वाला भारत। आज देखो भारत में जी-20 की बैठक हो रही है। भारत में एससीओ की बैठक हो रही है। दुनिया भर के विदेश मंत्री आ रहे हैं। दुनियाभर के प्रधानमंत्री आ रहे हैं, मंत्री आ रहे हैं। ये भारत के प्रधानमंत्री जी, मोदी जी ने छवि बनाई है। इसको हमें समझने की जरूरत है।"
गौरतलब है कि नड्डा भी कर्नाटक में लगातार चुनावी अभियान का दौरा कर रहे हैं और 10 मई के चुनाव से पहले राज्य में बड़े पैमाने पर रैलियां कर रहे हैं। भाजपा की नजर राज्य में दूसरे कार्यकाल पर है और उसने पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखने का भरोसा जताया है। कर्नाटक में 10 मई को मतदान होगा और वोटों की गिनती 13 मई को होगी।